‘विराट कोहली मेरे भाई जैसे हैं’, पीवी सिंधु ने बताया मुश्किल दौर में मिला खास मंत्र

0

नई दिल्ली : भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने क्रिकेट दिग्गज विराट कोहली के साथ अपने खास रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिंधु ने बताया कि वह विराट कोहली को अपने भाई जैसा मानती हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता के अनुसार, करियर के सबसे मुश्किल दौर में जब वह निराश थीं, तब कोहली ने उन्हें कोर्ट पर सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की सलाह दी थी। सिंधु ने कहा कि विराट की इस सलाह ने उनका नजरिया बदल दिया और मुश्किल दौर से बाहर निकलने में उन्हें काफी मदद मिली।

नई दिल्ली में आयोजित BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहीं पीवी सिंधु ने RCB पॉडकास्ट के नए एपिसोड में विराट कोहली के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की। दो बार की आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने X हैंडल पर नए एपिसोड का टीजर शेयर किया है।

पीवी सिंधु ने अपने करियर के मुश्किल दौर में विराट से मिली सलाह के बारे में चर्चा करते हुए कि भारतीय बल्लेबाज ने उन्हें मैच और ट्रेनिंग के लिए मैदान पर उतरने और अपना स्वाभाविक खेल खेलने की सलाह दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीवी सिंधु ने कहा, ‘‘वह मेरे भाई जैसे हैं। मुझे याद है कि जब मैं अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजर रही थी तब मैं उनसे मिली और कहा कि कुछ भी ठीक नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं, बस मैदान पर जाओ और अपना खेल खेलो।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीवी सिंधु ने बताया कि विराट कोहली ने मुश्किल दौर में उन्हें सलाह दी थी कि जब भी और जहां भी खेलने का मौका मिले, बिना किसी दबाव के कोर्ट पर जाएं और अपना स्वाभाविक खेल दिखाएं। सिंधु के मुताबिक, कोहली ने उन्हें याद दिलाया कि उन्होंने अपनी तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें खुद पर भरोसा रखना चाहिए। सिंधु ने कहा कि विराट की यह बात उनके दिल को छू गई और उनकी सलाह ने मुश्किल समय में देखने का नजरिया पूरी तरह बदल दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीवी सिंधु ने बताया कि वह विराट कोहली के संपर्क में रहती हैं और अपनी जीत की खुशी भी उनके साथ साझा करती हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करती हैं, तो कोहली को इसके बारे में जरूर बताती हैं। सिंधु के मुताबिक, हाल ही में भी उनकी विराट से मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने खेल के मैदान पर इतना कुछ हासिल किया हो, उससे मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है। विराट किस तरह सोचते हैं, मैदान पर किस मानसिकता के साथ उतरते हैं और अपने खेल को कैसे आगे बढ़ाते हैं, इन सभी चीजों से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है। सिंधु ने विराट कोहली की उपलब्धियों और उनकी सोच को सलाम करते हुए उनके प्रति सम्मान भी जताया।

पीवी सिंधु ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला एकल के पहले दौर में आयरलैंड की सोफिया नोबल को 21-7, 21-11 से हराकर शानदार शुरुआत की। विश्व चैंपियनशिप में सिंधु का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पांच पदक जीत चुकी हैं, जिनमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। महिला एकल में सर्वाधिक पदक जीतने के मामले में सिंधु ने चीन की दिग्गज खिलाड़ी झांग निंग की बराबरी कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here