नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 में गुरुवार, 20 अगस्त को डबल हेडर के तहत दो मुकाबले खेले गए। दिन के दूसरे मैच में काशी रुद्रास ने समीर रिजवी की कप्तानी वाली कानपुर सुपरस्टार्स को हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इस हार के साथ कानपुर की टीम को लगातार तीसरे मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी। काशी की जीत के नायकों में सलामी बल्लेबाज साहब युवराज सिंह प्रमुख रहे, जिन्होंने 56 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी रुद्रास ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साहब युवराज सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वहीं पारी के अंत में अर्नव बालियान ने महज 12 गेंदों में 29 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम के स्कोर को 167 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत ठीक रही, लेकिन टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 7 रन से मुकाबला गंवा बैठी।
समीर रिजवी की पारी फिर रही बेअसर
कानपुर के लिए सत्यम चौहान ने 22 गेंद पर सर्वाधिक 40 रन बनाए। जबकि कप्तान समीर रिजवी का बल्ला कमाल नहीं कर पाया। उन्होंने 10 गेंद खेलते हुए सिर्फ 6 रन बनाए। पिछले मैच में उन्होंने 71 रन की पारी खेली थी लेकिन इस मैच में उनका यह कमाल नहीं दिखा। काशी के लिए गेंदबाजी में हीरो रहे सुनील कुमार जिन्होंने 4 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं कार्तिक यादव ने 4 ओवर में 20 रन देकर दो विकेट झटके।
काशी रुद्रास ने टूर्नामेंट में चौथे मुकाबले में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, कानपुर सुपरस्टार्स का अब तक खाता नहीं खुला है। टीम को लगातार तीसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और वह अंकतालिका में आखिरी यानी छठे स्थान पर है। गुरुवार को खेले गए दिन के पहले मुकाबले में नोएडा सुपर किंग्स ने गोरखपुर लायंस को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की थी।


