ICC नियम के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हुए दिनेश चांदीमल, जानिए क्या है नियम

0

नई दिल्ली : भारत के खिलाफ कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में दिनेश चांदीमल नहीं खेल पाएंगे। अनुभवी श्रीलंकाई बल्लेबाज को पहले टेस्ट में सिर पर चोट लगने के बाद कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर पसिंदू सूर्याबंदारा ने रिप्लेस किया था। कनकशन सब्स्टीट्यूट नियम के तहत टीम को समान भूमिका वाले खिलाड़ी को मैदान पर उतारने की सुविधा मिलती है, लेकिन चोटिल खिलाड़ी को इसके बाद कुछ समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ता है। मौजूदा नियमों के अनुसार, चांदीमल दूसरे टेस्ट में वापसी नहीं कर सकेंगे।

चांदीमल 18 अगस्त को कनकशन के कारण गॉल टेस्ट से बाहर हुए थे और इसके पांच दिन बाद 23 अगस्त से कोलंबो में भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट शुरू होना है। अक्टूबर 2025 से पहले कनकशन सब्स्टीट्यूट से जुड़े नियमों में सात दिन तक नहीं खेलने का प्रावधान नहीं था। बाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने नियमों में बदलाव करते हुए कनकशन से प्रभावित खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। इसके तहत मैच के दौरान कनकशन होने पर खिलाड़ी को दोबारा मैदान पर उतरने से पहले कम से कम सात दिन का आराम करना जरूरी किया गया। इसी नियम के कारण चांदीमल के लिए कोलंबो टेस्ट में खेलना संभव नहीं होगा।

मैच से पहले ही तय होता है ‘कनकशन रिप्लेसमेंट’

खिलाड़ियों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए आईसीसी की मेडिकल एडवाइजरी कमिटी ने यह बदलाव करने की सलाह दी थी। आईसीसी ने तब कनकशन के नियम एक और बदलाव किया था। इसके तहत टीमों को मैच से पहले ‘कनकशन रिप्लेसमेंट’ को नामंकित करना पड़ता है। यह फैसला घरेलू टीमों को फायदा उठाते हुए देखकर लिया गया। वह संभावित रिप्लेसमेंट के बड़े पूल में से खिलाड़ी चुनती थीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कनकशन सबस्टीट्यूट एकमात्र नियम है, जिसके तहत किसी टीम की प्लेइंग 11 बीच मैच में बदल सकती है।

भारत के लिए सीरीज जीतने का सुनहरा मौका

भारतीय टीम 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है। बारिश से प्रभावित गॉल टेस्ट में उसने 165 रनों से जीत दर्ज की थी। भारत को 2027 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल ( WTC Final 2027) में खेलने के लिए 8 में कम से कम 6 टेस्ट जीतने होंगे। उसे दो टेस्ट न्यूजीलैंड में खेलना है। इसके बाद 5 मैचों की टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी। ऐसे में जरूरी है कि भारत दूसरा टेस्ट जीतकर श्रीलंका का क्लीन स्वीप करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here