नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले साल स्थगित हुई टेस्ट सीरीज को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा है कि भारत के खिलाफ प्रस्तावित घरेलू सीरीज की तारीखों में बदलाव संभव है, क्योंकि बोर्ड अपने क्रिकेट कैलेंडर को नए सिरे से व्यवस्थित कर रहा है। इसके अलावा, तमीम ने भारी वित्तीय नुकसान का हवाला देते हुए इस साल बांग्लादेश प्रीमियर लीग के आयोजन की संभावना भी कम बताई है। इससे भारत-बांग्लादेश सीरीज और बांग्लादेश की प्रमुख टी20 लीग, दोनों के भविष्य को लेकर असमंजस बढ़ गया है।
तमीम इकबाल ने ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि, बीसीबी 28 अगस्त से 9 सितंबर तक शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक खेल विकास टूर्नामेंट का आयोजन करेगा, जिसमें अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 श्रेणियों के खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं उन्होंने यह भी कहा,”भारत के साथ होने वाली श्रृंखला को लेकर बातचीत चल रही है। इसकी तारीखों में बदलाव हो सकता है।”
भारत-बांग्लादेश सीरीज के सितंबर में आयोजन पर लगा ब्रेक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ”पूर्व कार्यक्रम के अनुसार यह श्रृंखला मीरपुर में होनी है लेकिन जरूरत पड़ने पर इसे बसुंधरा मैदान (ढाका) में भी स्थानांतरित किया जा सकता है। भारत के साथ श्रृंखला तय होने के बाद हम उसके अनुसार अपना कार्यक्रम तैयार करेंगे।” भारत ने पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ 13 से 17 सितंबर तक नयी दिल्ली में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला निर्धारित कर ली है। इससे सितंबर में भारत-बांग्लादेश श्रृंखला की संभावना लगभग खत्म हो गई है।
गौरतलब है कि पिछले साल बांग्लादेश में राजनीतिक अशांति के कारण भारत-बांग्लादेश सीरीज स्थगित कर दी गई थी। वहीं, खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी से जुड़े भ्रष्टाचार समेत कई विवादों में घिरी बांग्लादेश प्रीमियर लीग को लेकर भी तमीम इकबाल ने चिंता जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि बोर्ड को अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने की जरूरत है। तमीम के मुताबिक, बीपीएल के पिछले दो सत्रों में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को करीब 40 करोड़ बांग्लादेशी टका यानी लगभग 31 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने साफ कहा कि वह मौजूदा परिस्थितियों में इस साल बीपीएल का आयोजन नहीं करना चाहते और बोर्ड को पहले अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।


