नई दिल्ली : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने वाले भारतीय जैवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा अब एक और पदक की तलाश में उतरेंगे। वह लुसाने डायमंड लीग 2026 में शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के स्टेड ओलंपिक डे ला पोंटेज में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। यह 2026 सत्र में नीरज की तीसरी बड़ी प्रतियोगिता होगी। इससे पहले वह दोहा डायमंड लीग और ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले चुके हैं। अब उनकी नजरें लुसाने डायमंड लीग में भी शानदार प्रदर्शन के साथ पदक जीतने पर होंगी।
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन दोहा डायमंड लीग में कुछ खास नहीं रहा था और वह 85.69 मीटर दूरी पर ही भाला फेंक पाए थे। वह उस प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे थे। इसके बाद ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 85.83 मीटर की दूरी तय करते हुए सिल्वर मेडल जीता था। 28 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 2022 डायमंड लीग का खिताब जीता था और 89.08 मीटर की दूरी तय की थी। फिर 2023 में उन्होंने 87.66 मीटर के थ्रो के साथ टाइटल डिफेंड किया था।
2024 डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने 89.49 मीटर का शानदार थ्रो किया था, लेकिन उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। पिछले साल जुलाई में आयोजित एनसी क्लासिक के बाद से नीरज ने कोई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं जीती है। लुसाने डायमंड लीग में उनके सामने केशोर्न वालकॉट, एंडरसन पीटर्स, याकूब वाडलेच और रुमेश पथिरागे जैसे बेहतरीन खिलाड़ियों की चुनौती होगी। पथिरागे ने रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का थ्रो करके नया रिकॉर्ड बनाया था।
लुसाने डायमंड लीग: कब और कहां देखें नीरज चोपड़ा का लाइव एक्शन?
- लुसाने डायमंड लीग 2026 में कब होगा नीरज चोपड़ा का जैवलिन थ्रो इवेंट?
नीरज चोपड़ा का जैवलिन थ्रो इवेंट लुसाने डायमंड लीग में भारतीय समयानुसार शुक्रवार 21 अगस्त की रात 11.52 पर आयोजित होगा। - भारत में कहां देख पाएंगे नीरज चोपड़ा के इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग?
लुसाने डायमंड लीग 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में डायमंड लीग के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर ही होगी। - भारत में कहां देख पाएंगे नीरज चोपड़ा के मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट?
फिलहाल लुसाने डायमंड लीग 2026 में नीरज चोपड़ा के इवेंट के लाइव प्रसारण का अभी आधिकारिक अपडेट नहीं मिला है।
लुसाने डायमंड लीग 2026: जैवलिन थ्रो की एंट्री लिस्ट
- नीरज चोपड़ा (भारत)
- रुमेश पथिरागे (श्रीलंका)
- एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा)
- अर्टर फेल्फनर (यूक्रेन)
- कर्टिस थॉम्पसन (यूएसए)
- याकूब वाडलेच (चेक रिपब्लिक)
- मार्क मिनिशेलो (यूएसए)
- केशोर्न वालकॉट (त्रिनिदाद एंड टोबैगो)
- साइमन वाइलैंड (स्विट्जरलैंड)


