नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। कोलंबो में सोमवार, 24 अगस्त को दूसरे दिन के पहले सत्र में ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत ने तेजी से रन बनाते हुए भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने 151 गेंदों पर 112 रन की साझेदारी की। भारत ने दूसरे दिन अपनी पारी 300/6 के स्कोर से आगे शुरू की, लेकिन दिन की शुरुआत टीम के लिए अच्छी नहीं रही। इसके बावजूद पंत और जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाल लिया।
सारांश जैन 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन जुटाए और एक ही सत्र में 119 रन जोड़ दिए। लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर 6 विकेट पर 419 रन हो गया। ऋषभ पंत 88 गेंदों पर 63 रन और ध्रुव जुरेल 107 गेंदों पर 59 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि दोनों बल्लेबाज दूसरे सत्र में भी इसी तरह बल्लेबाजी जारी रखें और भारत का स्कोर 600 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं।
पंत को रोकने के लिए श्रीलंका ने अपनाई शॉर्ट-बॉल रणनीति
ऋषभ पंत को पहले दिन पुल शॉट खेलने के प्रायस में दाएं हाथ की कलाई में चोट लग गई थी। इसके कारण वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। दूसरे दिन भी असिता फर्नांडो और लाहिरू कुमारा ने शॉर्ट बॉल फेंकना जारी रखा। हालांकि पंत ने शॉर्ट गेंदों का डटकर सामना किया। उन्होंने फाइन लेग पर मैदान से बाहर एक छक्का मारा।
ध्रुव जुरेल ने दिखाया शानदार फॉर्म
दूसरी तरफ ध्रुव जुरेल शानदार लय में नजर आए और धीरे-धीरे भारत के नंबर-7 बल्लेबाज के तौर पर अपनी जगह मजबूत करते जा रहे हैं। जुरेल ने मजबूत डिफेंस के साथ-साथ कई बेहतरीन शॉट्स भी लगाए और शानदार अर्धशतक पूरा किया। पंत के साथ उनकी 112 रनों की अटूट साझेदारी ने भारतीय टीम को टेस्ट मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। श्रीलंका के तेज गेंदबाजों ने पूरे दमखम के साथ गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन स्पिनर प्रभाव नहीं छोड़ सके। हालांकि, पिच से उन्हें टर्न और बाउंस मिलना शुरू हो गया था।


