नई दिल्ली : भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो के साथ हुई तीखी बहस को लेकर हो रही आलोचना पर सोमवार, 24 अगस्त को प्रतिक्रिया दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जायसवाल ने कहा कि लोगों को उनकी प्रतिक्रिया पर फैसला सुनाने से पहले यह जानना चाहिए कि उन्हें उस समय क्या कहा गया था। मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस काफी बढ़ गई थी और गुस्से में जायसवाल ने अपना हेलमेट फर्नांडो के सिर से टकरा दिया था, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
कोलंबो के एसएससी मैदान पर रविवार, 23 अगस्त को दूसरे टेस्ट के पहले दिन हुई इस घटना के बाद यशस्वी जायसवाल के व्यवहार की काफी आलोचना हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जायसवाल ने इंस्टाग्राम पर क्रिकबज की ओर से घटना से जुड़ा एक वीडियो साझा किए जाने के बाद उस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर लोगों को यह पता नहीं है कि उस समय उन्हें क्या कहा गया था, तो उन्हें फैसला सुनाने से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई हद पार करता है तो उसे यह बताना जरूरी है कि भारत पीछे हटने वाला नहीं है और जरूरत पड़ने पर जवाब भी देगा।
हर्षा भोगले के वीडियो पर रखी अपनी बात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यशस्वी जायसवाल के लिए सबसे बेहतर यही होता कि वह वहां से चले जाते। दरअसल, मैच के पहले दिन शुरुआती सत्र में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो ने जायसवाल को 45 रन के स्कोर पर आउट किया था। उनके आउट होने के तुरंत बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली, जिसने काफी चर्चा बटोरी।
जायसवाल का हेलमेट फर्नांडो के माथे से टकराया
बाएं हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल जब पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो ने इशारा करते हुए उनसे कुछ कहा। इससे जायसवाल भड़क गए और वह मुड़कर फर्नांडो से भिड़ गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई और इसी दौरान जायसवाल का हेलमेट फर्नांडो के माथे से छू गया। स्थिति बिगड़ती देख श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने हस्तक्षेप किया और दोनों खिलाड़ियों को अलग किया।


