नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 के 20वें मुकाबले में मंगलवार, 25 अगस्त को भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स ने चौथी जीत दर्ज की। लखनऊ ने लगातार दूसरे मुकाबले में करन शर्मा की कप्तानी वाली काशी रुद्रास को शिकस्त दी। इस जीत में भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी अहम रही। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, काशी रुद्रास की यह टूर्नामेंट में चौथी हार रही और इस नतीजे से उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
इस मुकाबले की बात करें तो पहले खेलते हुए काशी रुद्रास की टीम 19.1 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। काशी के लिए सक्षम चौबे ने सर्वाधिक 46 रन की पारी खेली। कप्तान करन शर्मा इस पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने किफायती गेंदबाजी के साथ 3 विकेट लिए। अभिनंदन सिंह ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इन दोनों के अलावा नवनीत कुमार को 2 और विप्रज निगम व अक्षु बाजवा को 1-1 विकेट मिला।
127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की टीम ने 16 ओवर में ही 4 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत में लखनऊ की तरफ से बल्लेबाजी में हिमांशु सिंह ने जलवा दिखाया। उन्होंने 41 गेंद पर 64 रन की बेहतरीन पारी खेली जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके अलावा कृतज्ञ ने 29 और पिछले मुकाबले के हीरो मोहम्मद सैफ ने 17 रन बनाए।
काशी रुद्रास की प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
लखनऊ फाल्कन्स की सात मुकाबलों में यह चौथी जीत रही और टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, काशी रुद्रास को सातवें मैच में चौथी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वह अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। काशी के अभी तीन मुकाबले बाकी हैं, लेकिन इस हार से उसकी प्लेऑफ की राह जरूर मुश्किल हो गई है। लीग चरण की समाप्ति के बाद अंकतालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर खेला जाएगा और इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में शीर्ष टीम से भिड़ेगी।


