नई दिल्ली : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मंगलवार, 26 अगस्त को टूर्नामेंट का आखिरी लीग मुकाबला खेला गया, जिसमें पुरानी दिल्ली का सामना ईस्ट दिल्ली राइडर्स से हुआ। पुरानी दिल्ली पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी थी, जबकि ईस्ट दिल्ली की टीम दौड़ से बाहर थी। हालांकि, इस मुकाबले का नतीजा पुरानी दिल्ली के लिए बेहद अहम था। जीत दर्ज करने पर वह क्वालिफायर-1 में जगह बना सकती थी और सीधे फाइनल में पहुंचने का मौका हासिल कर सकती थी। लेकिन ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और प्लेऑफ का समीकरण बदल दिया।
बारिश के कारण ईस्ट दिल्ली राइडर्स और पुरानी दिल्ली 6 के बीच यह मुकाबला 10-10 ओवर का हुआ। इस मैच में पहले खेलते हुए ईस्ट दिल्ली ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 118 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। सूर्यांश रैना ने 19 गेंद पर 42 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। पुरानी दिल्ली के लिए दिग्वेश राठी एकमात्र असरदार गेंदबाज दिखे और 2 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट उन्होंने अपने नाम किए।
10 ओवर में 119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज आर्यन गौड़ ने 39 रन और समर्थ सेठ ने 17 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि, ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाजों ने इसके बाद लगातार विकेट चटकाकर पुरानी दिल्ली की राह मुश्किल कर दी। मयंक यादव ने अपनी तेज रफ्तार के साथ किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उनके अलावा कप्तान सिमरजीत सिंह, रोहित यादव, रौनक वघेला और आशीष मीणा ने भी एक-एक विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के दम पर ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने मुकाबला 10 रन से अपने नाम कर लिया।
ईस्ट दिल्ली से हारकर पुरानी दिल्ली का बिगड़ा खेल
इस हार के साथ पुरानी दिल्ली की टीम लीग राउंड के बाद नंबर 3 पर ही रही और अब उसे एलिमिनेटर मुकाबला खेलना होगा। अगर यह मैच पुरानी दिल्ली जीतती तो साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को नीचे खिसकाते हुए नंबर 2 पर आ सकती थी। ऐसे में उसके पास प्लेऑफ में दो मौके होते, मगर ईस्ट दिल्ली ने अंतिम मैच में प्लेऑफ की तस्वीर बदल दी। लीग राउंड के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स नंबर 1, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स नंबर 2, पुरानी दिल्ली नंबर 3 और आउटर दिल्ली वॉरियर्स नंबर 4 पर रही।
DPL 2026 के प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
क्वालिफायर 1 (Q1): सेंट्रल दिल्ली किंग्स vs साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स, 26 अगस्त (दोपहर 1.30 बजे IST)
एलिमिनेटर (E): पुरानी दिल्ली 6 vs आउटर दिल्ली वॉरियर्स, 26 अगस्त (शाम 7 बजे IST)
क्वालिफायर 2 (Q2): Q1 हारने वाली टीम vs E जीतने वाली टीम, 28 अगस्त (शाम 7 बजे IST)
फाइनल: Q1 Winner vs Q2 Winner, 30 अगस्त (शाम 7 बजे IST)


