नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। भारत के पहली पारी में 503 रन के जवाब में श्रीलंका की टीम 290 रन पर सिमट गई और फॉलोऑन बचाने में नाकाम रही। पहली पारी के आधार पर भारत को 213 रन की बढ़त मिली। इसके बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका को फॉलोऑन देने का फैसला किया और मेजबान टीम को दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा।
भारत के लिए इस पारी में अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे सारांश जैन ने आखिरी दो विकेट लेते हुए श्रीलंकाई पारी को चौथे दिन पहले घंटे के अंदर ही समेट दिया। उनके अलावा मानव सुतार और प्रसिद्ध कृष्णा ने 3-3 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली। श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में लगातार दूसरे मुकाबले में शतक जड़कर शानदार फॉर्म जारी रखी। इससे पहले गॉल टेस्ट में उन्होंने 100 और 84 रन की पारियां खेली थीं। अब कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में उन्होंने 103 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे पसिंदू सूरियाबंदारा ने भी 80 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस शतकीय पारी के साथ सोनल दिनुशा ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
2 : एवरटन वीक्स (वेस्टइंडीज, 1948)
2 : गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज, 1958)
2 : जहीर अब्बास (पाकिस्तान, 1978)
2 : दलीप मेंडिस (श्रीलंका, 1982)
2 : रॉबिन स्मिथ (इंग्लैंड, 1990)
2 : गैरी कर्स्टन (साउथ अफ्रीका, 1996)
2 : जेसी राइडर (NZ, 2009)
2 : सोनल दिनुशा (SL, 2026)*
निरोशन डिकवेला कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान धनंजय डी सिल्वा भी 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कमिंदु मेंडिस ने 32 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन वह इसे बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। अंत में लाहिरु कुमारा ने सोनल दिनुशा का साथ देने की कोशिश की और 58 गेंदों पर 12 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी श्रीलंका को फॉलोऑन बचाने के लिए जरूरी स्कोर तक नहीं पहुंचा सकी।


