नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो के बीच मैदान पर गहमागहमी देखने को मिली थी। इस दौरान जायसवाल गुस्से में फर्नांडो के करीब पहुंचे और उनका हेलमेट श्रीलंकाई गेंदबाज के सिर से टकरा गया। मामले में आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई करते हुए एक-एक डिमेरिट अंक और मैच फीस में 25 प्रतिशत कटौती की सजा दी। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर इस कार्रवाई से संतुष्ट नजर नहीं आए और उन्होंने आईसीसी को खिलाड़ियों के साथ ऐसे मामलों में कड़ा और स्पष्ट रुख अपनाने की नसीहत दी।
संजय मांजरेकर इस मुद्दे पर रिएक्ट करते हुए हाल ही में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई सीरीज में वैभव सूर्यवंशी की लड़ाई का मुद्दा भी उठाया है। उनका मानना है कि दोनों मामलों में भारतीय खिलाड़ियों को पर्याप्त सजा नहीं मिली। यही कारण है कि इस तरह का व्यवहार आगे चलकर और दिक्कत पैदा कर सकता है। इसको लेकर मांजरेकर ने एक्स पर पोस्ट किया और बीसीसीआई व आईसीसी को टैग करते हुए दोनों को कड़ी नसीहत भी दी।
संजय मांजरेकर ने क्या कहा?
संजय मांजरेकर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया और आईसीसी व बीसीसीआई को टैग करते हुए लिखा,”डियर आईसीसी और बीसीसीआई, हाल ही में इंडिया ए के लिए वैभव (सूर्यवंशी) और अब जायसवाल (यशस्वी)…अगर आप इस तरह से ही इनको ऐसे व्यवहार के लिए छोड़ते रहेंगे, तो आप उन्हें आगे भी ऐसे व्यवहार करने के लिए ट्रेन कर रहे हैं। यह खेल के लिए सही नहीं है और खासतौर से उनके खुद के भविष्य के लिए भी।”
दोनों मामलों में क्या हुआ था?
दरअसल यशस्वी और फर्नान्डो का मामला कोलंबो में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में हुआ। यशस्वी ने फर्नान्डो पर तीन चौके जड़े थे और फिर फर्नान्डो ने उन्हें बोल्ड कर दिया था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई और यशस्वी श्रीलंकाई खिलाड़ी के काफी नजदीक गए थे। इस मामले में आईसीसी ने दोनों को दोषी मानते हुए 1-1 डिमेरिट अंक देकर मैच फीस कटौती की सजा सुनाई थी।
हाल ही में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी श्रीलंका दौरे पर भारत की ट्राई सीरीज के दौरान श्रीलंका ए के खिलाड़ी से भिड़ गए थे। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्कामुक्की हुई थी, जिसके लिए वैभव पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। उस समय भी संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। अब यशस्वी जायसवाल के मामले में आईसीसी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी के मामले का जिक्र किया है।


