दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन की शानदार जीत, मुश्ताक-सिंधु ने बदली बाजी; वेस्ट जोन बाहर

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के दूसरे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन ने बुधवार, 26 अगस्त को वेस्ट जोन को 52 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। 287 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट जोन की टीम चौथी पारी में 234 रन पर ऑलआउट हो गई। वेस्ट जोन की ओर से मुशीर खान ने 96 रन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 66 रन की शानदार पारियां खेलीं, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं।

नॉर्थ जोन की जीत में चौथी पारी के दौरान गेंदबाज आबिद मुश्ताक और निशांत सिंधू की अहम भूमिका रही। मुश्ताक ने 4 विकेट जबकि सिंधू ने 2 विकेट अपने नाम किए। दोनों बाएं हाथ के स्पिनरों ने वेस्ट जोन के निचले क्रम के बल्लेबाजों को चौथे दिन सुबह महज 6.3 ओवर में पवेलियन भेजकर टीम की जीत पक्की कर दी। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर नॉर्थ जोन ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना साउथ जोन से होगा।

इस मुकाबले में क्या-क्या हुआ?

इस मुकाबले की बात करें तो टर्न ले रही पिच पर वेस्ट जोन ने 287 के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम दिन की शुरुआत सात विकेट पर 220 रन से की थी, लेकिन उसकी टीम 234 रन पर ही सिमट गई। उर्विल पटेल (25) और तनुष कोटियन (00) ने वेस्ट जोन की पारी आगे बढ़ाई।। मुश्ताक (22 ओवर में सात रन लेकर चार विकेट) ने जल्द ही कोटियान को आउट कर दिया और उसके बाद तुषार देशपांडे (05) का विकेट भी लिया। इसके बाद सिंधु ने उर्विल पटेल को आउट करके मैच का अंत किया।

मुश्ताक ने इस मुकाबले में 99 रन देकर नौ विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच का टर्निंग पॉइंट वेस्ट जोन के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (70 गेंदों पर 66 रन) का रन आउट होना रहा, जिन्होंने मुशीर खान (96) के साथ 111 रन की साझेदारी की थी। उस समय वेस्ट का स्कोर तीन विकेट पर 195 रन था और वह अच्छी स्थिति में दिख रहा था।

इसके बाद वेस्ट जोन ने गायकवाड़ और मुशीर सहित अपने चार विकेट सात ओवर से भी कम समय में महज 25 रन जोड़कर गंवा दिए। इन दोनों सेट बल्लेबाजों के पवेलियन लौटते ही नॉर्थ जोन ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया और जीत की ओर कदम बढ़ा दिए। नॉर्थ जोन ने अपनी पहली पारी में 251 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्ट जोन की पूरी टीम 187 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

सेमीफाइनल में कौन किससे भिड़ेगा?

इसके बाद नॉर्थ जोन ने अपनी दूसरी पारी में 222 रन बनाए और वेस्ट जोन के सामने जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में वेस्ट जोन की टीम 234 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 52 रन से हार का सामना करना पड़ा। अब दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले 30 अगस्त से खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन का सामना साउथ जोन से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में इशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन की टीम सेंट्रल जोन से भिड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here