नई दिल्ली : आईसीसी ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को टेस्ट क्रिकेट की ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले। लंबे समय बाद जसप्रीत बुमराह का टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान खत्म हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अब दुनिया के शीर्ष टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। वहीं, टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऋषभ पंत ने टॉप-10 में जगह बना ली है, जबकि यशस्वी जायसवाल शीर्ष 10 से बाहर हो गए हैं।
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में बुमराह अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं टॉप 10 में उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी नहीं मौजूद है। टॉप 20 की बात करें तो मोहम्मद सिराज 4 स्थान के नुकसान के साथ 18वें और रविंद्र जडेजा 3 स्थान के नुकसान के साथ 19वीं पोजिशन पर पहुंच गए हैं। जबकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह पांचवें से चौथे स्थान पर आ गए हैं।
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप 10 में ऋषभ पंत ने एंट्री कर ली है। वह 6 स्थान की छलांग के साथ 13वें से 7वें स्थान पर पहुंचे। वहीं कप्तान शुभमन गिल 8वीं पोजिशन पर डटे हैं। यशस्वी जायसवाल को नुकसान उठाना पड़ा है और वह टॉप 10 से बाहर होकर 9वें से 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप 20 में सिर्फ यही तीन भारतीय टेस्ट रैंकिंग में मौजूद हैं। टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में रविंद्र जडेजा नंबर 1 पर काबिज हैं। श्रीलंका सीरीज से बाहर वाशिंगटन संदर इस लिस्ट में छठे स्थान पर मौजूद हैं।
टेस्ट रैंकिंग में बांग्लादेश ने पाकिस्तान और श्रीलंका को पछाड़ा
ऑस्ट्रेलिया को डारविन टेस्ट में हराने वाली बांग्लादेशी टीम को आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भी बड़ा फायदा हुआ है। बांग्लादेश ने तीन स्थान की छलांग लगाते हुए नौवें से छठे स्थान पर जगह बना ली है। उसके बाद श्रीलंका सातवें, पाकिस्तान आठवें और वेस्टइंडीज नौवें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कायम है, जबकि भारतीय टीम चौथे स्थान पर बनी हुई है।


