नई दिल्ली : पांच दशक बाद हॉकी विश्व कप में पदक जीतने का भारतीय पुरुष टीम का सपना टूट चुका है और अब वह अपने आखिरी मुकाबले में जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन करना चाहेगी। शुक्रवार को होने वाले सातवें/आठवें स्थान के क्लासीफिकेशन मैच में भारत के सामने सह-मेजबान और मौजूदा प्रो लीग चैंपियन बेल्जियम की कड़ी चुनौती होगी। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में पहले और दूसरे चरण के मुकाबले खेलने वाली हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम पूल-ई में चौथे स्थान पर रहने के बाद क्लासीफिकेशन मुकाबले में पहुंची है। हालांकि, भारत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा, क्योंकि बेल्जियम 2018 विश्व कप चैंपियन और दुनिया की नंबर-2 टीम है। टूर्नामेंट से पहले उसे खिताब के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा था। सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद बेल्जियम भी आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर अभियान का सुखद अंत करना चाहेगा।
अर्जेंटीना से हारकर टूटा भारत का पदक का सपना
अर्जेंटीना के खिलाफ दूसरे दौर के आखिरी मैच में हारकर बाहर हुई भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत और 60 मिनट तक लय बरकरार नहीं रख पाने के लिए आलोचना झेल रही है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए अर्जेंटीना को बड़े अंतर से हराना था, लेकिन 39वें सेकेंड में ही गोल गंवाने के बाद बने दबाव से टीम निकल ही नहीं सकी। डिफेंस लगातार चरमराता रहा और फॉरवर्ड पंक्ति में तालमेल का अभाव दिखा, जबकि मिडफील्ड में गैप का पूरा फायदा उठाकर अर्जेंटीना ने 5-3 से जीत दर्ज करके भारत को अंतिम चार की दौड़ से बाहर कर दिया था। भारत ने टूर्नामेंट में 14 गोल किए और 16 गंवाए।
एशियन गेम्स के जरिए ओलंपिक टिकट हासिल करना होगा भारत का लक्ष्य
विश्व कप में सातवां स्थान हासिल करने के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम की नजर अब अगले महीने होने वाले एशियाई खेलों पर होगी। बेल्जियम के खिलाफ मजबूत प्रतिद्वंद्वी को हराकर टीम अपना खोया आत्मविश्वास वापस हासिल करना चाहेगी। विश्व कप की निराशा के बाद जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करना भारत का अगला बड़ा लक्ष्य होगा। पिछले दो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे शुरू होगा। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि बेल्जियम के खिलाफ टीम को गलतियों से बचना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।


