यूएस ओपन मिश्रित युगल में मुचोवा-मेंसिक चैंपियन, फाइनल में बेनसिच-कोबोली की जोड़ी पर जीत

0

न्यूयॉर्क : कैरोलिना मुचोवा और याकुब मेंसिक ने बेलिंडा बेनसिच और फ्लावियो कोबोली की जोड़ी को 6-3, 1-6, 10-6 से हराकर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट का मिश्रित युगल खिताब अपने नाम कर लिया। चेक गणराज्य की मुचोवा-मेंसिक की जोड़ी ने दो दिन तक चली इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन अपने दोनों मुकाबले मैच टाईब्रेक में जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। मेंसिक की तेज सर्विस और नेट पर उनके शानदार खेल ने फाइनल में जोड़ी की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टाईब्रेक में दिखाया दम, मुचोवा-मेंसिक ने जीता खिताब

मेंसिक ने ऐस के साथ फाइनल का अंत किया। इस जोड़ी को 10 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। सेमीफाइनल में भी मुचोवा और मेंसिक हार के करीब पहुंच गए थे लेकिन दो मैच प्वाइंट बचाने के बाद उन्होंने लगातार चार अंक जीतकर मीरा आंद्रीवा और आंद्रे रुबलेव को 5-4, 3-5, 11-9 से शिकस्त दी। फाइनल टूर्नामेंट का एकमात्र मुकाबला था जो सामान्य टेनिस मैच जैसा खेला गया। इसमें सेट छह गेम के थे और छह-छह की बराबरी पर टाईब्रेक हुआ। शुरुआती तीन दौर में सेट चार गेम के थे और चार-चार की बराबरी पर टाईब्रेक खेला गया था। बेनसिच और कोबोली ने पहले सेमीफाइनल में एलिना स्वितोलिना और गेल मोनफिल्स की पति-पत्नी की जोड़ी को 4-5, 4-1, 10-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here