नई दिल्ली: नामीबिया की मेजबानी में इन दिनों ट्राई सीरीज खेली जा रही है। इस ट्राई सीरीज में नामीबिया के अलावा साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीम हिस्सा ले रही है। इस ट्राई सीरीज के पहले मैच में नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर सबको चौंका दिया था, लेकिन अगले ही मैच में अफ्रीकी टीम ने जबरदस्त वापसी की है। उन्होंने अपने दूसरे मैच में जिम्बाब्वे में 7 विकेट से हरा दिया। टीम की जीत में डेवाल्ड ब्रेविस ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 32 बॉल पर नाबाद 75 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया।
जिम्बाब्वे की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन साउथ अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के आगे उनके बल्लेबाज टिक नहीं पाए। बेन करन ने 12 गेंदों में 24 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे। डियन मायर्स 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रायन बेनेट ने संभलकर खेलते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर में कप्तान सिकंदर रजा (10 रन) और रयान बर्ल भी खास योगदान नहीं दे सके, जिससे 16वें ओवर तक जिम्बाब्वे का स्कोर 5 विकेट पर 94 रन ही हो पाया। आखिरी ओवरों में तादिवनाशे मारुमनी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 30 रन बनाए जिसमें 3 छक्के शामिल थे और वेस्ली मधेवेरे के साथ मिलकर 43 रनों की साझेदारी की। इसी की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन बना सकी। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका के लिए डुआन जेनसेन सबसे सफल रहे, उन्होंने 45 रन देकर 3 विकेट झटके।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन शुरुआती 6 ओवरों में ही लुआन-ड्रे प्रेटोरियस (22 रन) और जॉर्डन हरमन (20 रन) के आउट होने से जिम्बाब्वे ने मैच में वापसी करने की कोशिश की। उस समय टीम का स्कोर 2 विकेट पर 61 रन था। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में 6 छक्के और 7 चौके लगाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। तीसरे विकेट के लिए टोनी डी जोरजी ने ब्रेविस के साथ 46 रनों की साझेदारी की, लेकिन वे विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। इसके बावजूद ब्रेविस डटे रहे और उन्होंने रूबिन हरमन (नाबाद 11 रन) के साथ मिलकर 73 गेंद रहते दक्षिण अफ्रीका को आसान जीत दिला दी। इस जीत के साथ अफ्रीका ने ट्राई-सीरीज में अपना खाता खोल लिया है। इस ट्राई सीरीज में अगला मैच नामीबिया और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा।


