एजीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड में 148 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का होगा सम्मान

0
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 31 अगस्त को आयोजित होगा भव्य सम्मान समारोह

भोपाल (N.S.T)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आईसेक्ट ग्रुप आफ यूनिवर्सिटीज (एजीयू) द्वारा देश एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले विश्वविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को *एजीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड* से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह का आयोजन 31 अगस्त 2026 को शाम 6:00 बजे रेडिसन होटल, भोपाल में किया जाएगा।

समारोह में मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वाश कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक कुमार सिंह ‘ध्यानचंद’, संतोष चौबे, चेयरमैन, आईसेक्ट इंडिया एवं चांसलर, आरएनटीयू, डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, आईसेक्ट इंडिया एवं चांसलर, एसजीएसयू, तथा डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, डायरेक्टर, आईसेक्ट ग्रुप आफ यूनिवर्सिटीज एवं प्रो-चांसलर, आरएनटीयू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस वर्ष एजीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड में कुल 148 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 14 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के 13 तथा सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के 1 खिलाड़ी शामिल हैं।

सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में हॉकी (पुरुष एवं महिला), जूडो, पैरालंपिक (महिला), शूटिंग, ट्रायथलॉन, कुश्ती, रोइंग, मल्लखंब, कराटे, एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं फेंसिंग सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देने वाले सभी संबंधित कोच एवं प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

आईसेक्ट ग्रुप आफ यूनिवर्सिटीज द्वारा शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स, तथा वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय, मध्य प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

विगत वर्षों में विश्वविद्यालयों से जुड़े खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक अर्जित किए हैं। खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में AGU द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

यह सम्मान समारोह खेल प्रतिभाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मान देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए गौरव हासिल करने हेतु प्रेरित करेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here