चाइना मास्टर्स में भारतीय सितारों की परीक्षा, लक्ष्य सेन की विश्व चैंपियन से टक्कर

0

नई दिल्ली : विश्व चैंपियनशिप में शुरुआती दौर में ही बाहर होने की निराशा को पीछे छोड़ते हुए लक्ष्य सेन अब एक सितंबर से शेनझेन में शुरू होने वाले 12.50 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, लक्ष्य के लिए टूर्नामेंट का आगाज आसान नहीं होगा। उन्हें पहले ही दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जहां उनकी भिड़ंत विश्व चैंपियन और फ्रांस के स्टार शटलर एलेक्स लैनियर से होगी।

जून 2026 में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले किदांबी श्रीकांत पहले मैच में चीनी ताइपे के ची यु-जेन का सामना करेंगे। इस सत्र में किदांबी श्रीकांत का प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। कनाडा ओपन में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इसके बाद कोरिया मास्टर्स में भी वह पहले ही दौर में बाहर हो गए। मेंस सिंगल्स (पुरुष युगल) में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद होगी। इस साल की शुरुआत में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल का अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार खत्म किया था। भारतीय जोड़ी चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी।

विमेंस सिंगल्स (महिला एकल) में भारत की निगाहें तीन युवा खिलाड़ियों उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा और देविका सिहाग पर टिकी रहेंगी। रोहतक की 18 वर्षीय उन्नति हुड्डा का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से होगा। उन्नति हुड्डा हाल ही में BWF वर्ल्ड टूर का खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बनीं। उन्नति हुड्डा ने 2022 में 14 साल की उम्र में गैरवरीय खिलाड़ी के रूप में खेलते हुए ओडिशा ओपन सुपर 100 का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने अबुधाबी मास्टर्स और ओडिशा मास्टर्स के खिताब भी अपने नाम किये।

तन्वी शर्मा का मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा। होशियारपुर की 17 साल की खिलाड़ी पिछले साल जूनियर वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने 2025 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में सिंगल्स में सिल्वर मेडल और मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह इस इवेंट के एक ही एडिशन में एक से अधिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। तन्वी शर्मा ने इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 जीतकर सबसे कम उम्र की विजेता बनने की उपलब्धि हासिल की और अपनी तेजी से बढ़ती कामयाबी को साबित किया।

महिला एकल में देविका सिहाग का सामना बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। हरियाणा की 21 वर्षीय खिलाड़ी ने हाल ही में थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 का खिताब जीता है और फिलहाल दुनिया की शीर्ष 45 रैंकिंग में शामिल हैं। पुरुष युगल में हरिहरन आमसकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी की भिड़ंत आठवीं वरीयता प्राप्त जापान की ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगी। होकी और कोबायाशी 2021 के विश्व चैंपियन रह चुके हैं। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो का सामना थाईलैंड की टोनकिड और टोनरुग साएहेंग की जोड़ी से होगा, जबकि रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे की जोड़ी चीनी ताइपे के वू गुआन शुन और ली चिया हसिन के खिलाफ उतरेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here