21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

0
हेप्टाथलॉन में नागर सिंह कनेश ने जीता स्वर्ण पदक, 1000 मीटर में रंगलाल डोडिया ने हासिल किया कांस्य

भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने 21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में 01 से 03 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।

हेप्टाथलॉन में नागर सिंह कनेश ने जीता स्वर्ण

प्रतियोगिता के बुधवार शाम आयोजित मुकाबलों में हेप्टाथलॉन स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी नागर सिंह कनेश ने 4812 अंकों के शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नागर सिंह ने स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

1000 मीटर में रंगलाल डोडिया ने जीता कांस्य

वहीं 1000 मीटर स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी रंगलाल डोडिया ने 2 मिनट 26.83 सेकंड के शानदार समय के साथ कांस्य पदक अर्जित किया। रंगलाल ने अपनी गति और दमदार प्रदर्शन के साथ स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल कर पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अकादमी के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण और कांस्य पदक हासिल करना प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति और युवा प्रतिभाओं के निरंतर उभार को दर्शाती है।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी बधाई

सहकारिता,खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतने वाले नागर सिंह कनेश एवं रंगलाल डोडिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here