नई दिल्ली : अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है और वैभव सूर्यवंशी भी इस टीम का हिस्सा हैं। इस सीरीज में भारत की ओर से ओपनिंग कौन करेगा, इसे लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि टीम में वैभव के अलावा संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। ऐसे में अगर वैभव को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है, तो उनके पास टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। 31 रन बनाते ही वैभव इशान किशन और अभिषेक शर्मा की खास सूची में शामिल हो जाएंगे।
इशान-अभिषेक की खास लिस्ट में शामिल होंगे वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2026 में अब तक खेले 22 टी20 मुकाबले में कुल 969 रन बनाए हैं। वैभव ने इन मैचों में 225.87 की स्ट्राइक रेट और 44.04 की औसत से ये रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक भी शामिल है। वैभव ने इन मैचों में 79 चौके और 86 छक्के भी लगाए हैं जबकि उनका बेस्ट स्कोर 103 रन रहा है। अब अफगानिस्तान के खिलाफ वो जैसे ही 31 रन बनाएंगे इस साल यानी साल 2026 में वो अपने 1000 रन पूरे कर लेंगे।
वैभव 31 रन बनाते ही इस साल टी20 में अपने 1000 रन पूरे कर लेंगे और इशान किशन व अभिषेक शर्मा की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। दरअसल भारत की तरफ से साल 2026 में टी20 प्रारूप में अब तक इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने ही 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने का कमाल किया है। वैभव अब इस साल 1000 रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इशान किशन ने अब तक इस साल टी20 प्रारूप में खेले 38 मैचों में 1414 रन बनाए हैं जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 मैचों में ही 1077 रन बनाए हैं।


