चाइना मास्टर्स: श्रीकांत का शानदार प्रदर्शन, वर्ल्ड नंबर-9 विक्टर को दी शिकस्त

0

नई दिल्ली : भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने चाइना मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व के नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। श्रीकांत ने कनाडा के खिलाड़ी को 21-18, 21-19 से मात दी। इस साल यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल तक पहुंचे श्रीकांत ने एक बार फिर दमदार खेल दिखाया और विक्टर लाई को शिकस्त दी, जिन्होंने पिछले महीने नई दिल्ली में अपना दूसरा विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक जीता था। पूर्व विश्व नंबर-1 और 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत अब क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली च्यूक यू की चुनौती का सामना करेंगे।

श्रीकांत ने विक्टर को कैसे दी मात?
  • श्रीकांत ने लाई के खिलाफ अपने जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया। वह पहले गेम के शुरू में 3-7 से पीछे हो गए, लेकिन लाई की गलतियों का फायदा उठाकर उन्होंने 8-8 से बराबरी कर ली।
  • कनाडा के खिलाड़ी ने हालांकि इंटरवल तक दो अंक की बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने इसके बाद स्कोर 15-11 कर दिया। श्रीकांत ने हालांकि जोरदार वापसी की और स्कोर 15-15 कर दिया। एक और क्रॉस-कोर्ट स्मैश से भारतीय खिलाड़ी ने 18-16 की बढ़त हासिल कर दी। इसके बाद उन्हें तीन गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने दूसरे गेम प्वाइंट पर यह गेम अपने नाम कर दिया।
  • श्रीकांत ने दूसरे गेम के शुरू में गलतियां की जिससे वह 5-9 से पीछे हो गए। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि वापसी के प्रयास जारी रखे। जब वह 9-14 से पीछे थे तब उन्होंने दो जोरदार शॉट्स और लाई की गलतियों से स्कोर 13-14 कर दिया। इसके बाद एक समय स्कोर 18-18 पर बराबरी पर था। इसके बाद लाई का शॉट बाहर चला गया और श्रीकांत ने एक जोरदार शॉट मारकर मैच प्वाइंट हासिल कर लिया तथा जल्द ही मैच अपने नाम कर दिया।
तन्वी शर्मा का सफर थमा

महिला एकल में हाल ही में ताइपे ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा को दूसरे दौर में जापान की विश्व में नौवें नंबर की खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी से 17-21 21-18 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो भी मिश्रित युगल में चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई से 18-21, 18-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here