गौतम गंभीर नहीं, 134 टेस्ट मैचों वाले भारतीय दिग्गज को मिली एशियन गेम्स में कोच की जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली : खेल मंत्रालय ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए बुधवार को 503 खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ वाले भारतीय दल को मंजूरी दे दी। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के नाम भी इस दल में शामिल हैं। हालांकि, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कोचिंग दल में हेड कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व वाला स्टाफ शामिल नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनकी जगह पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण को एशियाई खेलों के लिए टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आपको बता दें कि खेल मंत्रालय ने दोनों क्रिकेट टीमों के लिए 20 सहयोगी स्टाफ को मंजूरी दी गई है जिसकी अगुवाई वीवीएस लक्ष्मण करेंगे। इन खेलों में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 17 से 22 सितंबर तक होगा। जबकि पुरुष टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

वीवीएस लक्ष्मण की कोचिंग टीम में कौन-कौन शामिल?

भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा जारी लिस्ट में वीवीएस लक्ष्मण के साथ सुनील जोशी, ऋषिकेश कानितकर और सुभादीप घोष के नाम शामिल हैं। वहीं महिला टीम में हेड कोच अमोल मजूमदार का साथ देंगे बॉलिंग कोच आविष्कार साल्वी और फील्डिंग कोच मुनीश बाली। भारतीय पुरुष टीम सीधे क्वार्टरफाइनल में उतरेगी और अपना पहला मैच 28 सितंबर को ग्रुप ए की दूसरे नंबर की टीम यानी अफगानिस्तान, नेपाल या जापान के खिलाफ खेलेगी।

एशियाई खेलों के क्रिकेट फॉर्मेट की बात करें तो महिला टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि पुरुष वर्ग में 10 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत सीधे क्वार्टरफाइनल चरण से होगी। वहीं, पुरुष टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल में सीधे जगह बना चुकी भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला करेंगी।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय मेंस टीम का स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा उपकप्तान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here