- अंडर-9 से 60 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 24 श्रेणियों में हुए रोमांचक मुकाबले
भोपाल। खेल केवल जीत और हार का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए लीला’स लिगेसी बैडमिंटन अकादमी द्वारा आयोजित कैलाश सारंग जी मेमोरियल लिगेसी कप ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन हुआ। 2 से 6 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-9 के नन्हे खिलाड़ियों से लेकर 60 वर्ष तक के अनुभवी खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बालक-बालिका सिंगल्स, डबल्स, मिक्स्ड डबल्स तथा सीनियर एवं मास्टर्स आयु वर्गों सहित कुल 24 श्रेणियों में मुकाबले खेले गए। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जूनियर वर्ग में जहां बच्चों ने अपनी ऊर्जा और तकनीक से प्रभावित किया, वहीं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अनुभव, फिटनेस और खेल के प्रति अपने जुनून का परिचय दिया।
जूनियर वर्ग में अंडर-15 बॉयज डबल्स का खिताब करण मखीजा और सार्थक मखीजा की जोड़ी ने जीता, जबकि अक्षय राज सक्सेना और रियांश बागजई उपविजेता रहे। अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में भूमि कौशिक विजेता और अवनी जैन उपविजेता रहीं। अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में अक्षय राज सक्सेना ने खिताब अपने नाम किया और अगस्त्य लोधी दूसरे स्थान पर रहे।
अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स में भूमि कौशिक विजेता रहीं। अंडर-13 बॉयज सिंगल्स में अवनी मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि आरव सोनी उपविजेता रहे। अंडर-11 गर्ल्स में याशिका चंद विजेता और अनन्या नरनावरे उपविजेता रहीं। अंडर-11 बॉयज में गरवित गुरनानी ने खिताब जीता और उपराज सिंह गोरोवारा उपविजेता रहे। अंडर-9 बॉयज सिंगल्स में अदम्य तिवारी विजेता और देव अग्रवाल उपविजेता रहे।
ओपन एवं फैमिली इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फैमिली मिक्स्ड डबल्स में राजेंद्र यादव और सरवजीत यादव की जोड़ी विजेता रही, जबकि अक्षय राज सक्सेना और वंदना सक्सेना उपविजेता रहे। मिक्स्ड डबल्स में हृषिक वर्मा और ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने खिताब जीता। मेंस डबल्स में चिराग खान और करण यादव विजेता रहे, जबकि मेंस सिंगल्स का खिताब हृषिक वर्मा ने अपने नाम किया।
सीनियर एवं मास्टर्स वर्ग के 35 से 60 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता को विशेष बना दिया। 35 वर्ष वर्ग के मेंस सिंगल्स में डॉ. मोट्टाकिन अहमद विजेता और निशांत द्विवेदी उपविजेता रहे। 40 वर्ष वर्ग में राजेंद्र यादव ने खिताब जीता, जबकि अनुराग सिंह दूसरे स्थान पर रहे। 45 वर्ष वर्ग में विक्रम भान विजेता और पवन वाधवा उपविजेता रहे। 50, 55 और 60 वर्ष आयु वर्ग में भी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के चेहरों पर जीत की खुशी के साथ-साथ खेल के प्रति उनके जुनून और उपलब्धि का उत्साह साफ दिखाई दिया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि हर आयु वर्ग के खिलाड़ी को प्रतिस्पर्धा का मंच देना और उनमें खेल के प्रति सकारात्मक सोच, अनुशासन तथा आत्मविश्वास विकसित करना है।
इस अवसर पर टीटी नगर की बैडमिंटन कोच रश्मि मालवीय, मध्य एडवरटाइजमेंट के ओनर एवं को-स्पॉन्सर सुशील अग्रवाल, मीडिया से अक्षत सक्सेना, विजय कुमार दास, नौशाद कुरैशी और सादिया खान, रिटायर्ड डीएसपी भगवान सिंह यादव, प्रगति श्रीवास्तव एवं अनीता चौबे सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश में बैडमिंटन की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कैलाश सारंग जी की स्मृति को समर्पित यह आयोजन खेल और विरासत के सुंदर संगम के रूप में सामने आया। लीला’स लिगेसी बैडमिंटन अकादमी का यह प्रयास न केवल प्रतिभाओं को सम्मान देने वाला रहा, बल्कि नई पीढ़ी को यह संदेश भी देता है कि मैदान पर मिली हर जीत के पीछे मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास की कहानी होती है।


