नई दिल्ली : विनेश फोगाट की 2026 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए होने वाले चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। विनेश ने ट्रायल में शामिल होने की अनुमति के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। अपनी याचिका में उन्होंने मातृत्व अवकाश का हवाला देते हुए कहा था कि इसी वजह से वह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) द्वारा आयोजित कुछ प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकी थीं। अब हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उनके चयन ट्रायल में भाग लेने की उम्मीदों को झटका लगा है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल में नहीं उतर पाएंगी विनेश फोगाट
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के 7 सितंबर के सर्कुलर को चुनौती देने वाली विनेश फोगाट की याचिका पर सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश जारी किया। अदालत ने फिलहाल उन्हें 2026 सीनियर विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी है। ये ट्रायल 14 सितंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होने हैं। अदालत ने कहा कि डब्ल्यूएफआई की नीति की वैधता तय करते समय विनेश की परिस्थितियों, जिसमें गर्भावस्था, बच्चे का जन्म और प्रसव के बाद रिकवरी शामिल है, पर विचार करना होगा। हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल इन परिस्थितियों के आधार पर उन्हें अंतरिम राहत देते हुए ट्रायल में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि फिलहाल वह निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करती हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि 7 सितंबर, 2026 के सर्कुलर के तहत बताए गए क्राइटेरिया सभी एथलीट पर एक जैसे लागू होते हैं। कोई एथलीट जिसने किसी भी वजह से तय कॉम्पिटिशन में हिस्सा नहीं लिया है वह रेस्पोंडेंट नंबर 1 (WFI) द्वारा बताई गई एलिजिबिलिटी कैटेगरी में नहीं आएगा। पॉलिसी की जांच किए बिना विनेश फोगाट को छूट देने से उन एथलीट के साथ भेदभाव हो सकता है जो कोर्ट के सामने नहीं थे और उसी तरह की स्थिति में हैं। अदालत ने कहा कि बिना पॉलिसी पर फैसला किए सिर्फ याचिकाकर्ता को ऐसी अंतरिम राहत देने से एक जैसी स्थिति वाले उन एथलीटों के साथ असमान व्यवहार हो सकता है जो इस अदालत के सामने नहीं हैं।
अदालत ने स्पष्ट किया कि वह 7 सितंबर के सर्कुलर की वैधता या विनेश फोगाट के खिलाफ चल रही अनुशासनात्मक कार्रवाई के गुण-दोष पर फिलहाल कोई अंतिम राय नहीं दे रही है। मातृत्व अवकाश के बाद प्रतियोगिता में वापसी करने वाली विनेश ने 2026 सीनियर विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने ट्रायल के लिए पात्रता की शर्तें तय करने वाले भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के सर्कुलर पर रोक लगाने की भी मांग की थी। हालांकि, अदालत से फिलहाल उन्हें ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं मिली है।


