नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर से दिल्ली में होगी। सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के पास युवराज सिंह का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका होगा। पूरी संभावना है कि दुबे को पहले मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। ऐसे में अगर वह इस मुकाबले में जरूरी रन बनाने में सफल रहते हैं, तो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन बनाने के मामले में युवराज सिंह को पीछे छोड़ सकते हैं। इससे दुबे के लिए यह मुकाबला टीम के लिहाज से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ व्यक्तिगत उपलब्धि के लिहाज से भी खास बन सकता है।
शिवम दुबे ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक खेले 73 मैचों की 56 पारियों में कुल 1127 रन 6 अर्धशतक की मदद से बनाए हैं। शिवम दुबे का बेस्ट स्कोर अब तक का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 66 रन रहा है और उनका स्ट्राइक रेट इन मैचों में 152.09 का रहा है। वहीं युवराज सिंह की बात करें तो उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 1177 रन बनाए थे। अब शिवम दुबे जैसे ही 51 रन बनाएंगे वो युवराज सिंह से आगे निकल जाएंगे।
शिवम दुबे का अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक पांच मैच खेले हैं और चार पारियों में 134 रन बनाए हैं। इस दौरान दुबे ने दो अर्धशतक जड़े हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 63 रन रहा है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 157.64 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 67.00 रहा है। इन आंकड़ों से साफ है कि अफगानिस्तान के खिलाफ दुबे का बल्ला लगातार प्रभावी रहा है।


