नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करने वाले इशान किशन ने 2026 में सभी प्रारूपों और विभिन्न स्तरों के क्रिकेट को मिलाकर कुल 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। वहीं, दुनिया भर में इस साल सभी प्रारूपों के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मिलाकर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। वैभव ने अब तक 164 छक्के जड़कर इस सूची में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। यह आंकड़ा उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और इस साल उनके शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन और इशान किशन दोनों ने 2026 में 100-100 छक्के लगाए हैं और इस सूची में क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, चौथे स्थान पर मौजूद रियान रिकेल्टन और पांचवें नंबर के निकोलस पूरन के नाम 99-99 छक्के दर्ज हैं। टॉप-10 की इस सूची में वैभव सूर्यवंशी और इशान किशन के अलावा कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज शामिल नहीं है। इन दोनों के बाद अभिषेक शर्मा 16वें स्थान पर हैं, जिन्होंने 2026 में अब तक कुल 75 छक्के लगाए हैं।
साल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के टॉप 10 बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारियां | रन | सर्वोच्च स्कोर | औसत | स्ट्राइक रेट | 100 | 50 | 0 | 4s | 6s |
| वैभव सूर्यवंशी (EZ/IND/IND-A/IND19/RR) | 42 | 44 | 2114 | 175 | 48.04 | 185.43 | 3 | 14 | 1 | 188 | 164 |
| फिन एलन (GLC/KKR/NZ/PS/SF/TR-M) | 51 | 49 | 1460 | 101 | 32.44 | 183.64 | 3 | 6 | 3 | 127 | 100 |
| इशान किशन (EZ/IND/JHK/SRH) | 49 | 50 | 2080 | 270 | 42.44 | 141.78 | 3 | 14 | 4 | 214 | 100 |
| रियान रिकल्टन (LIONS/MI/MI NY/MICT/SA/SRL-M) | 44* | 44 | 1483 | 123* | 40.08 | 165.14 | 2 | 7 | 2 | 123 | 99 |
| निकोलस पूरन (LSG/MI NY/MICT/MIL-M/TKR) | 48 | 48 | 1261 | 106 | 29.32 | 150.83 | 1 | 8 | 2 | 85 | 99 |
| मिचेल मार्श (AUS/LSG/PS/SRL-M) | 38 | 37 | 1544 | 111 | 42.88 | 159.50 | 2 | 11 | 0 | 146 | 95 |
| रहमनुल्लाह गुरबाज (AFG/DKA/GAW/MAK/MAR) | 38 | 38 | 1489 | 107* | 40.24 | 153.34 | 3 | 9 | 3 | 134 | 95 |
| दासुन शनाका (GAG/RR/SEO/SL/STKNP) | 51 | 46 | 1055 | 121* | 31.02 | 177.90 | 1 | 5 | 3 | 59 | 86 |
| शिमरोन हेटमायर (GAW/RR/SEO/WI) | 50 | 48 | 1187 | 111* | 30.43 | 156.38 | 1 | 5 | 3 | 75 | 82 |
| टिम सीफर्ट (KKR/MR/MSG-M/NZ/SEO/SLK) | 49 | 48 | 1588 | 105* | 36.09 | 158.00 | 2 | 15 | 4 | 148 | 82 |
2026 में वैभव सूर्यवंशी और इशान किशन का जलवा
वैभव सूर्यवंशी के लिए साल 2026 शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने से लेकर साल की शुरुआत में अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में बेहतरीन शतक लगाने तक, 15 वर्षीय वैभव ने इस साल कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी अपने नाम किया। इस साल सभी प्रारूपों के साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मिलाकर वैभव ने अब तक 44 पारियों में 2114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 14 अर्धशतक और तीन शतक निकले हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है और 2026 में अब तक छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 193 रन बनाए हैं।
इशान किशन की बात करें तो साल 2026 में उन्होंने कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया है। अपनी कप्तानी में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और इसके बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब भी जीता। पूरे साल इशान ने बल्ले से भी लगातार रन बनाए हैं और अब तक ओवरऑल 2080 रन उनके नाम दर्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। वनडे में इशान ने 2026 में चार पारियों में एक शतक की मदद से 174 रन बनाए हैं। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 23 पारियों में 812 रन बनाए हैं और वह इस साल भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शीर्ष पर हैं।


