नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 के चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत का सामना जापान के साथ हुआ। इस मुकाबले को भारत ने 8 विकेट से जीत लिया और सेमीफाइनल में पहुंच गई। सेमीफाइनल में अब भारत का सामना बांग्लादेश के साथ होगा और ये मैच रविवार को खेला जाएगा। भारत की जीत में शैफाली वर्मा और श्रीचरणी के शानदार प्रदर्शन का बड़ा योगदान रहा।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और जापान ने पहले खेलते हुए 19.5 ओवर में 57 रन पर अपने सारे विकेट गंवा दिए और भारत को जीत के लिए 58 रन का लक्ष्य मिला। भारत ने 5 ओवर में 2 विकेट पर 59 रन बनाकर मैच को जीत लिया और अगले दौर में पहुंच गई। भारत की जीत में शैफाली की नाबाद 40 रन की पारी और श्रीचरणी के 4 विकेट का बड़ा योगदान रहा।
शैफाली वर्मा का बल्ला चमका, 40 रन बनाकर रहीं नाबाद
भारत की तरफ से शैफाली वर्मा ने 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन की पारी खेली और इस दौरान 2 छक्के व 6 चौके भी लगाए जबकि ऋचा घोष 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि जी कमालिनी अपना खाता भी नहीं खोल पाईं तो वहीं भारती फुलमाला 6 रन बनाकर आउट हो गईं। जापान की तरफ से नोनोहा यासुमोटो और अयाका काटो-स्टैफोर्ड को एक-एक सफलता मिली।
श्रीचरणी ने बरपाया कहर, 4 विकेट लेकर जापान की पारी समेटी
जापानी की ओपनर हारुना इवासाकी 10 रन पर आउट हो गईं जबकि कप्तान माई यानागिडा अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने 25 रन की पारी खेली जबकि शिमाको काटो ने 4 रन बनाए। हिनासे गोटो इस मैच में एक रन बनाकर रन आउट हुईं जबकि अहिल्या चंदेल खाता भी नहीं खोल पाईं। भारत की तरफ से श्रीचरणी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि शैफाली वर्मा को 2 सफलता मिली। इसके अलावा श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
भारत की प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।
जापान की प्लेइंग इलेवन
हारुना इवासाकी, अकारी निशिमुरा कानो (विकेटकीपर), माई यानागिडा (कप्तान), एरिका ओडा, अहिल्या चंदेल, शिमाको काटो, अयाका काटो-स्टैफोर्ड, आयुमी फुजिकावा, हिनासे गोटो, एरिका तोगुची क्विन, नोनोहा यासुमोटो।


