मनु भाकर-तेजिंदर पाल सिंह तूर को मिली अहम जिम्मेदारी, भारत समेत कई देशों के ध्वजारोहण समारोह में व्यवधान

0

नई दिल्ली : ओलंपिक डबल मेडलिस्ट निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुट में गत चैंपियन तेजिंदर पाल सिंह तूर को एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक चुना गया। समारोह शनिवार 19 सितंबर 2026 को होना है। इस बीच, भारत समेत कई देशों के ध्वजारोहण समारोह में विलंब और व्यवधान पड़ने की खबर आई। भारत समेत कई देशों का पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह शुक्रवार 18 सितंबर 2026 को होना था। हालांकि, यह तय समय पर शुरू नहीं हुआ, फिर बाधित हो गया और ‘अज्ञात’ संकट से निपटने के बाद बहाल हो पाया। ध्वजारोहण समारोह के लिए भारत के चार अभियान उप प्रमुख अचंता शरत कमल, लिजो डेविड टी, अलकनंदा अशोक और अंजलि भागवत गार्डन पियर पर मौजूद थे। यह स्थान खिलाड़ियों के लिए बने कंटेनरनुमा आवास के करीब है।

आयोजकों ने नहीं दी विस्तृत जानकारी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय आयोजकों की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘विलंब के लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं। एक टीम के साथ कुछ दिक्कत है। हम 15 मिनट बाद फिर बहाल करने की कोशिश करेंगे।’’ यह व्यवधान एक घंटे तक चला और आयोजकों ने विस्तार से जानकारी दिये बिना इतना ही कहा कि संवादहीनता के कारण ऐसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार समारोह के बाद जारी बयान में कहा गया, ‘‘एशियाई ओलंपिक परिषद के कार्यकारी बोर्ड और आयोजन समिति के बीच संवाद ठीक नहीं था जिसकी वजह से ऐसा हुआ।’’ समारोह में यमन, उत्तर कोरिया, फलस्तीन, भारत और तिमोर लेस्टे को हिस्सा लेना था। पहले यह 20 मिनट विलंब से शुरू हुआ और फिर अचानक रोक दिया गया। इसका कोई स्पष्टीकरण भी नहीं दिया गया। शरत और अंजलि समारोह मंच की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन फिर आयोजकों की ओर से विलंब की घोषणा के बाद उन्हें लौटना पड़ा।

एशियाई खेलों की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

भारत के खेलमंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी निकट स्थित आईओए कार्यालय से थोड़ी देर के लिए आये। इसके बाद वे भी रवाना हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस अफरातफरी पर सहदेव यादव ने कहा, ‘‘मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।’’ बता दें कि एशियाई खेलों में अव्यवस्था को लेकर आलोचना हो रही है। एक घंटे के विलंब के बाद समारोह शुरू हुआ। समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व पूर्व निशानेबाज अंजलि भागवत और पूर्व फर्राटा धावक लिजो डेविड ने किया।

ध्वजारोहण समारोह बहु खेल आयोजनों में हिस्सा ले रहे दल का आधिकारिक स्वागत समारोह होता है और खेलों के उद्घाटन से एक दिन पहले आयोजित किया जाता है। इससे पहले खिलाड़ियों ने यहां कमरे मिलने में देरी और उनका आकार काफी छोटा होने को लेकर शिकायत की थी। आयोजकों ने कंटेनर की तरह ‘हट्स’ में, क्रूज जहाज में और होटलों में खिलाड़ियों के रहने का इंतजाम किया है। लागत में कटौती के लिए कोई खेलगांव नहीं बनाया गया है।

मनु भाकर और तेजिंदर पाल सिंह तूर होंगे भारत के ध्वजवाहक

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक को लेकर सहदेव यादव ने बताया कि मनु भाकर ध्वजवाहक होंगी। इसके बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने पुष्टि की कि तेजिंदर पाल सिंह तूर भारत के दूसरे ध्वजवाहक होंगे। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 2 पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह स्वतंत्र भारत के लिए एक ही ओलंपिक में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं, तेजिंदर पाल सिंह तूर ने पिछले 2 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here