नई दिल्ली : इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेली जा रही 2 अनौपचारिक टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त हासिल करने के बाद इंडिया ए ने दूसरी पारी में 199 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ए के सामने जीत के लिए 363 रन का लक्ष्य रखा। दूसरी पारी में कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 59 रन बनाए। अब ऑस्ट्रेलिया ए के सामने मुकाबला जीतने के लिए 363 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है।
वहीं पहली पारी के शतकवीर कुमार कुशाग्र 46 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने पहली पारी में 334 रन बनाए थे और जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 171 रन पर ढेर हो गई थी। फिर दूसरी पारी में इंडिया ए ने 57.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 199 रन बनाए और कुल बढ़त 362 रन की हो गई। इसी के साथ इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के सामने जीत के लिए 363 रनों का लक्ष्य रखा जो आसान नहीं लग रहा है। इस मुकाबले का आज तीसरा दिन है और अनौपचारिक टेस्ट मैच चार दिनों का होता है। यानी अभी शुक्रवार 25 सितंबर का पूरा दिन और तीसरे दिन के तकरीबन 25 ओवर बाकी हैं।
दूसरी पारी में बिखरी इंडिया ए की बल्लेबाजी
भारतीय बल्लेबाजी दूसरी पारी में लड़खड़ाती दिखी। साई सुदर्शन अच्छी शुरुआत के बाद सिर्फ 39 रन ही बना सके। वहीं अमन मोखाड़े 9, शेख रसीद 0, यश राठौड़ 12 ने भी निराश किया। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले तनुष कोटियान भी सिर्फ 8 रन ही बना पाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में टॉड मर्फी ने 4 विकेट लिए। पहली पारी में भी उन्होंने 3 विकेट झटके थे। उनके अलावा दूसरी पारी में लियाम स्कॉट और ब्रेंडन डॉग्गेट को 2-2 विकेट मिले और जेसन संघा ने भी एक विकट अपने नाम किया।
भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर
भारत के लिए गेंदबाजी में पहली पारी में शम्स मुलानी ने जलवा बिखेरा था। अब चौथी पारी में कंगारू टीम के लिए 363 रन का लक्ष्य आसान नहीं होगा। पहली पारी में टीम 180 रन तक भी नहीं पहुंच पाई थी। ऐसे में भारतीय स्पिनर्स से सावधान रहना होगा। इंडिया ए के लिए पहली पारी में मुलानी ने 18 ओवर में 67 रन देकर 4 विकेट झटके थे। वहीं तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे को 2-2 विकेट मिले थे। प्रफुल हिंगे और अंशुल कम्बोज के नाम भी 1-1 सफलता हुई थी।


