- सीबीएसई नेशनल स्विमिंग कल से भोपाल में -प्रकाश तरण ताल में चार दिनों तक खाड़ी देशों समेत भारत के विभिन्न शहरों के करीब 1000 तैराक दिखाएंगे दम
भोपाल (NST NEWS)। सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैम्पियनशिप 25 सितंबर यानी शुक्रवार से भोपाल के प्रकाश तरण ताल में आयोजित की जाएगी। इसमें खाड़ी देशों समेत भारत के विभिन्न राज्य व शहरों के कीरब 1000 तैराक चार दिनों तक 294 मेडल के लिए दमखम दिखाएंगे।
टेक्नोक्रेट्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के तैराक भागीदारी करेंगे।
आयोजन प्रमुख आरके शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्घाटन खेलमंत्री विश्वास सारंग और जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य सुबह 10.30 बजे करेंगे। टूर्नामेंट आधुनिक उपकरणों के साथ संचालित की जाएगी। इसके लिए पूल तैयार किया गया है। बेंगलुरु से मंगाकर टचपेड लगाए गए हैं ताकि माइक्रो सेकंड की भी टाइमिंग सटीक आए। इस टूर्नामेंट को क्वालिफाइड ऑफिशियल्स ऑफिशिएट करेंगे।
टूर्नामेंट का उद्देश्य युवा एवं प्रतिभाशाली तैराकों को उत्कृष्ट मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त कर सकें। साथ ही, आयोजन के माध्यम से खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीमवर्क और उत्कृष्टता जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मप्र के 10 तैराक पदक के लिए उतरेंगे पानी में इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के तैराक अर्थ जैन, कृषव दोषी, हरमिश नेगी, तेजस बाथम, रितवीक बाफना, ईशान सिंह सेंगर, दिव्यांश कौशल, देवांश कौशल, सोहम मेहरा एवम धवित पाठक भी भाग लेंगे।


