नई दिल्ली : भारत की स्टार स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने महिला एकल, जबकि अभय सिंह ने पुरुष एकल के फाइनल में जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ी अब स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। वहीं, शनिवार को मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को हॉन्गकॉन्ग के तांग मिंग हांग और ली का यी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
कैसे फाइनल से चूकी जोशना-सेंथिलकुमार की जोड़ी
जोशना और सेंथिलकुमार की जोड़ी नागोया किंजो फुटो एरिना में खेले गए तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में (1-2) 10-11, 11-2, 10-11 से हार गई। भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में ली का यी और तांग मिंग हांग के सामने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद जोशना और सेंथिलकुमार ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम जीत लिया।
तीसरे गेम में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन आखिर में हॉन्गकॉन्ग के खिलाड़ियों ने अपना संयम बनाए रखा और विजेता बनकर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो पर जीत हासिल करके सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने नाम पर पदक पक्का कर दिया था। 40 वर्षीय जोशना का यह एशियाई खेलों में छठा पदक है। इससे पहले वह एशियाई खेलों में दो रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुकी थीं।
अनाहत फाइनल में पहुंचीं, अब गोल्ड पर नजर
18 साल की अनाहत सिंह ने जापान की विश्व नंबर-6 सातोमी वातानाबे को हराकर महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही भारत का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। हालांकि, अनाहत अब स्वर्ण पर कब्जा करना चाहेंगी। अनाहत ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने तीसरा गेम 12-10 से जीतकर मुकाबले में वापसी की और चौथे गेम में भी अपना दबदबा बनाए रखा।
चौथा सेट अनाहत ने 11-6 और पांचवां और निर्णायक सेट 11-3 से अपने नाम किया और मैच 3-2 के अंतर से अपने नाम किया और फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में उनका सामना चान सिन युक और शिवसंगरी सुब्रमण्यम के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा। सुब्रमण्यम विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। फाइनल में पहुंचकर अनाहत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह अब एशियन गेम्स में महिला एकल के स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी।
इरफान पर अभय की शानदार जीत, फाइनल में पहुंचे
भारत के अभय सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुष एकल स्क्वाश के फाइनल में जगह बनाकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब उनकी नजरें स्वर्ण पदक पर हैं। सेमीफाइनल में अभय ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। मैच समाप्त होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इसके बाद अभय ने जीत का जश्न मनाया और अपनी खुशी जाहिर की।


