एशियन गेम्स 2026: आयुष शेट्टी-उन्नति हुड्डा की जीत, राउंड ऑफ 16 में, सिंधू भी तीसरे दौर में

0

नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन की एकल स्पर्धाओं के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत की पदक उम्मीदों को कायम रखा। वहीं, 2 बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।

आयुष को जहां कजाखस्तान के मखसुत ताजीबुल्लायेव को 21-7, 21-7 से हराने में सिर्फ 21 मिनट लगे, वहीं उन्नति को मलयेशिया की वोंग लिंग चिंग से कड़ी टक्कर मिली और उन्हें 79 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 20-22, 21-19 से जीत हासिल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिन में इससे पहले लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा था।

सिंधू का शानदार प्रदर्शन, अगले दौर में पहुंचीं

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने अपने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। सिंधू ने चीनी ताइपे की चू पिन-चियान को 21-19, 21-14 से सीधे गेम में हराया। उन्हें कोर्ट पर जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन स्टार शटलर ने सीधे गेम में मुकाबला खत्म कर राहत की सांस ली होगी। एशियन गेम्स में बैडमिंटन का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। सिंधू आज ही तीसरे दौर का मुकाबला खेलने उतरेंगी, जहां उनका सामना मेजबान जापान की और विश्व नंबर-सात तोमोका मियाजाकी से होगा।

आयुष ने आसानी से जीता मुकाबला, अगले दौर में पहुंचे

आयुष के लिए दूसरे दौर का मुकाबला आसान रहा। दुनिया के 20वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और ताजीबुल्लायेव को लय हासिल करने का कोई मौका नहीं दिया। आयुष की सीधे गेम में जीत ने यह भी सुनिश्चित किया कि दिन में बाद में होने वाले अगले मुकाबले के लिए उनकी ऊर्जा बची रहे। आयुष शेट्टी के सामने अब कड़ी चुनौती होगी। राउंड ऑफ 16 में जगह बनाने के बाद वह शाम को प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के अनुभवी खिलाड़ी चाउ टिएन-चेन से भिड़ेंगे। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं, जिनमें आयुष एक जीत और दो हार के साथ 1-2 से पीछे हैं।

उन्नति के सामने आज फिर होगी चुनौती

वहीं, उन्नति को कहीं ज्यादा मुश्किल मुकाबले का सामना करना पड़ा। 25वीं रैंकिंग वाली भारतीय खिलाड़ी ने दुनिया की 38वें नंबर की खिलाड़ी वोंग के खिलाफ शुरुआत में ही बढ़त बना ली और पहला गेम 21-14 से जीत लिया। मलयेशियाई खिलाड़ी ने दूसरे गेम में वापसी की और आखिरी पलों में बढ़त बनाते हुए 22-20 से जीत हासिल कर मैच को निर्णायक गेम तक खींच लिया।

निर्णायक गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी खिलाड़ी लंबे समय तक निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। आखिरकार उन्नति हुड्डा ने 20-18 के स्कोर पर 2 मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। वोंग ने पहला मैच प्वाइंट बचा लिया, लेकिन अगली ही रैली में उनका क्रॉस-कोर्ट शॉट बाहर चला गया। इसके साथ ही उन्नति ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर अगले दौर में जगह बना ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here