एशियन गेम्स: नीरू-किनान की जोड़ी का शानदार प्रदर्शन, मिक्स्ड ट्रैप में गोल्ड के साथ रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: भारत की नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34/40 का स्कोर करते हुए एशियन रिकॉर्ड बनाया। इस स्वर्ण पदक के साथ भारत ने दिन का तीसरा गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

नीरू ढांडा के लिए यह एशियन गेम्स में दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने इससे पहले महिला ट्रैप स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतकर भारत के लंबे इंतजार को खत्म किया था। अब नीरू ने अनुभवी निशानेबाज किनान चेनाई के साथ मिलकर मिक्स्ड ट्रैप में भी सोना जीत लिया। 36 वर्षीय किनान ने इस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को एक और स्वर्ण दिलाया।

नीरू की शुरुआत फाइनल में उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वह अपने पहले दो शॉट चूक गईं और शुरुआती पांच शॉट में तीन निशाने चूक गए। हालांकि, इसके बाद भारतीय निशानेबाज ने शानदार वापसी की। नीरू और किनान ने अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर किया और फाइनल के अंत तक शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

नीरू और किनान ने फाइनल में 40 में से 34 निशाने सटीक लगाए। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय जोड़ी ने नया एशियन रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले इस स्पर्धा के फाइनल में एशियन रिकॉर्ड कतर के नाम था। कतर ने इसी साल जनवरी में 30 का स्कोर किया था। फाइनल में कतर ने 32/40 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि चीन ने 23 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

भारत के लिए एशियन गेम्स में बुधवार की शुरुआत शानदार रही। पहले महिला कंपाउंड टीम ने तीरंदाजी में स्वर्ण जीता। इसके बाद चिकिथा तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव की मिश्रित टीम ने भी कंपाउंड तीरंदाजी में गोल्ड अपने नाम किया। अब नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने शूटिंग में तीसरा स्वर्ण भारत की झोली में डाल दिया है। बॉक्सिंग में प्रिया घंघस ने कांस्य पदक जीता है।

नीरू और किनान के स्वर्ण के बाद एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 57 हो गई है। भारत के खाते में अब 9 स्वर्ण, 21 रजत और 27 कांस्य पदक हैं। पदक तालिका में भारत एक स्थान के सुधार के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here