एशियन गेम्स में कुमकुम मोहोद का जलवा, गोल्ड मेडल के साथ हासिल किया ओलंपिक कोटा

0

नई दिल्ली : 17 वर्षीय भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने शनिवार (3 अक्टूबर) को एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। उन्होंने दबाव के बीच शानदार संयम का परिचय देते हुए महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी के रोमांचक फाइनल में कोरिया की ओ येजिन को शूटआउट में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ कुमकुम एशियन गेम्स की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बन गईं।

उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। स्कोर 5-5 से बराबर रहने के बाद कुमकुम ने शूटआउट में 10 स्कोर किया जबकि येजिन आठ ही स्कोर कर सकी। इससे पहले चीन की जिंगयी झू को हराकर फाइनल में पहुंचने के साथ कुमकुम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के दो कोटा स्थानों में से एक हासिल कर लिया। यह कोटा देश को मिलता है।

कुमकुम का ऐतिहासिक कमाल

कुमकुम ने झू को 28-27, 30-30, 29-29, 29-28 से हराया और महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक पक्का करने वाली पहली भारतीय रिकर्व तीरंदाज बन गई। कुमकुम ने पहला सेट 9, 10 और 9 के स्कोर से जीता। दूसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने तीनों निशाने इनर 10 में लगाये। तीसरा सेट भी बराबरी पर रहा।

महिला रिकर्व टीम को गोल्ड दिलाने वाली टीम में भी थीं कुमकुम

आखिरी सेट में कुमकुम ने 29-28 से जीत दर्ज की। इससे पहले उन्होंने विश्व चैम्पियन कांग चाएयंग को क्वार्टर फाइनल में 6-4 से हराया था। कुमकुम ने महिला रिकर्व टीम का स्वर्ण भी अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ जीता था। इसके बाद धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित जोड़ी का रजत जीता। भारत ने एशियाई खेलों में अबतक 17 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य के साथ कुल 76 पदक झटक लिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here