- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ, 500 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे 500 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं मैनेजर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, हॉकी और तीरंदाजी के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
स्पर्धा का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया है। खेल के मैदान में मिलने वाली चुनौतियां खिलाड़ियों को बेहतर खिलाड़ी के साथ-साथ बेहतर इंसान बनने के लिए भी तैयार करती हैं।
संजू देवी की उपलब्धि का किया उल्लेख
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बहतराई के इसी खेल परिसर से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। संजू देवी की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार के संघर्ष एवं उपलब्धियों का भी उदाहरण देते हुए युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।
उन्होंने कहा कि खेल जीवन की हर परिस्थिति में संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की क्षमता प्रदान करता है। खेलों के माध्यम से खिलाड़ी स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ता है।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर पीएम श्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तपती धूप के बावजूद छात्राओं के उत्साह और शानदार प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की। विधायक सुशांत शुक्ला ने छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
7 से 10 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले
चार दिवसीय राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें 303 छात्र, 193 छात्राएं और 75 ऑफिशियल्स हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के मुकाबले बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित हो रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ी पूरे उत्साह और दमखम के साथ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय, सहायक संचालक वर्षा शर्मा, बसंत प्रताप सिंह, सहायक संचालक क्रीड़ा जी.डी. गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती दुबे, सुशील मिश्रा एवं शाहिद हुसैन ने किया।


