छत्तीसगढ़ जूनियर एवं सब-जूनियर राज्य स्तरीय स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ

0
  • 14 जिलों के 156 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, वरिष्ठ पुरुष एवं महिला वर्ग के चयन ट्रायल का भी आयोजन

रायपुर: छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित छत्तीसगढ़ जूनियर एवं सब-जूनियर राज्य स्तरीय स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, बुढ़ापारा, रायपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कुल 156 खिलाड़ियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

प्रतियोगिता में सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, बलौदाबाजार, कबीरधाम, गरियाबंद तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी प्रदेश में स्क्वैश खेल के प्रति बढ़ती रुचि और लोकप्रियता को दर्शाती है।

उद्घाटन समारोह में गणमान्यजन रहे उपस्थित

उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य  प्रकाश कश्यप, स्क्वैश प्रशिक्षक  केशव कुमार जलछत्री,  राहुल साहू,  विकास निषाद,  श्रेयांश लाल, अवित कुजूर एवं श्री प्रशांत पांचे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

बालक BU-13 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के प्रथम दिन बालक BU-13 वर्ग के मुकाबलों में ईशभ सुराना ने झनेंद्र साहू को 11-4, 11-4 से पराजित किया। दुष्यंत तारक ने मोक्ष साहू को 11-3, 11-7 से हराया, जबकि रिवान आहूजा ने ओमशिव पटेल के विरुद्ध 11-1, 11-3 से जीत दर्ज की। इसी वर्ग में सूर्यांश कुमार को अंकित देशमुख के विरुद्ध वॉकओवर मिला।

BU-15 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दर्ज की जीत

बालक BU-15 वर्ग के प्रथम दौर में शिवम तिवारी ने मयंक धीवर को 11-1, 11-1 से हराया। तनमय कंवर ने अमन बंजारे को 11-6, 11-6 से पराजित किया, जबकि सूर्यांश कुमार ने यश कुमार को 11-1, 11-1 से हराकर जीत हासिल की।

बालिका GU-17 वर्ग में रोमांचक मुकाबले

बालिका GU-17 वर्ग के प्रथम दौर में योगिता ठाकुर ने पल्लवी बंजारे को 11-2, 11-0 से पराजित किया। सुरेखा ने दुर्गेश्वरी को 11-5, 11-6 से हराकर जीत दर्ज की।

दूसरे दौर में योगिता ठाकुर ने अनुराधा को 11-0, 11-0 से हराया। वहीं, उकेश्वरी ने चंचल के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले में 11-7, 9-11, 11-4 से जीत हासिल की। खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बेहतरीन तकनीक, गति और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।

वरिष्ठ पुरुष एवं महिला वर्ग के चयन ट्रायल का आयोजन

जूनियर एवं सब-जूनियर चैंपियनशिप के साथ-साथ वरिष्ठ पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए भी चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इस ट्रायल के माध्यम से चयनित पुरुष एवं महिला खिलाड़ी 16 से 22 नवंबर 2026 तक मुंबई में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेंगे।

यह चयन ट्रायल प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। चयनित खिलाड़ियों से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने की उम्मीद है।

प्रदेश में स्क्वैश खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में स्क्वैश खेल को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को निखारना है। 14 जिलों के 156 खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करती है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने तथा भविष्य की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिल रहा है।

11 से 13 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले जारी रहेंगे। यह आयोजन प्रदेश में स्क्वैश खेल के विस्तार, नई खेल प्रतिभाओं को आगे लाने तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here