स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया भोपाल का गौरव; बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में भोपाल टीम रही ओवरऑल द्वितीय।
भोपाल। गंजबासौदा में 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित 38वीं सब-जूनियर राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में टास क्लब, भोपाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में भोपाल की टीम ने बालक एवं बालिका, दोनों वर्गों में ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त कर शहर का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में टास क्लब के पंकज दांगी ने स्वर्ण पदक, गौरेश राठौर ने 25 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक, कृषिका सिंह ने 41 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा मनीषा ने कांस्य पदक जीतकर क्लब को गौरवान्वित किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता में अंतरराष्ट्रीय एवं NIS कोच सुरेश श्रीवास्तव का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक अनिल सिंहवाड़, शेर सिंह (राष्ट्रीय कोच),राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक आनंद ठाकुर, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच शंकर भोरे तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच सुश्री मधुलिका पचोरिया ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर टास क्लब परिवार की ओर से राजेश यादव (विक्रम अवार्डी), पी. शौकत अली (राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी), एवं विवेक स्वामी (विक्रम अवार्डी) ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं।
टास क्लब का उद्देश्य खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भोपाल एवं मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें।


