नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के 15वें मुकाबले में इंडिया चैंपियंस का सामना वेस्टइंडीज चैंपियंस से हुआ। टूर्नामेंट के अपने 5वें लीग मैच में भारतीय टीम को 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। युवराज सिंह की अगुआई वाली टीम की यह प्रतियोगिता में तीसरी हार रही। इस नतीजे ने भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को कमजोर कर दिया है। अब अंतिम 4 में जगह बनाने के लिए टीम को अपने बचे हुए मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ दूसरे मैचों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ सकता है।
युवराज ने 5 मैचों में से 4 मैचों में भारत की कप्तानी की थी जिसमें उन्हें एक मैच में जीत मिली जबकि तीन मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन में भारत के दूसरे लीग मैच में हरभजन सिंह ने टीम की कप्तानी की थी जिसमें भारत को हार मिली थी यानी ये लगातार भारत की चौथी हार भी रही। दो बार की चैंपियन भारत का इस सीजन में खिताब जीतने का सपना भी लगभग टूट गया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मुकाबले में भारत ने टॉस गंवा दिया था और उसे पहले बल्लेबाजी करने को कहा गया। इसके बाद भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर किसी तरह से 110 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 14.5 ओवर में 4 विकेट पर 111 रन बनाते हुए मैच को जीत लिया। वेस्टइंडीज की तरफ से चैडविक वॉल्टन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
60 रन की पारी से वॉल्टन ने पलटा मुकाबला
भारत के खिलाफ इस मैच में वेस्टइंडीज के ओपनर क्रिस गेल का बल्ला नहीं चला और वो 4 गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हो गए। लेंडल सिमंस ने भी 22 रन की पारी खेलकर अपना विकेट गंवा दिया, लेकिन चैडविक वॉल्टन ने बेहतरीन पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। उन्होंने 3 छक्के और 7 चौकों के साथ 43 गेंदों पर 60 रन बनाए। हालांकि ऋषि धवन ने उन्हें आउट कर दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। वेस्टइंडीज के लिए रेमन रीफर ने भी नाबाद 16 रन बनाए। भारत के लिए धवल कुलकर्णी ने 2 जबकि ऋषि धवन और पीयूष चावला ने एक-एक विकेट लिए।
नहीं चला भारतीय बल्लेबाजों का बल्ला
वेस्टइंडीज के खिलाफ ज्यादातर भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन खराब रहा जिसमें नमन ओझा और अंबाती रायुडू तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए जबकि कप्तान युवराज सिंह 4 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। रॉबिन उथप्पा ने 16 गेंदों पर 19 रन बनाए तो वहीं यूसुफ पठान ने 20 गेंदों पर 11 रन की पारी खेली। ऋषि धवन ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए जबकि हरभजन सिंह ने 24 गेंदों पर एक छक्का और 3 चौकों के साथ नाबाद 28 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज के लिए रायाद एमरिट ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।


