नई दिल्ली : भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस टी20 सीरीज में जमकर छक्के लगे और इन 5 मुकाबलों में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मिलकर कुल 105 छक्के लगाए। छक्के लगाने के मामले में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने बाजी मारी, लेकिन सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप पहले स्थान पर रहे।
इस टी20 सीरीज में शाई होप ने जमकर बैटिंग की और वो ना सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे बल्कि सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी पहले स्थान पर रहे। होप ने 5 मैचों में कुल 20 छक्के लगाए जबकि दूसरे स्थान पर भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ट रहे जिन्होंने भी 5 मैचों में 15 छक्के जड़े। इस लिस्ट में भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर रहे जिन्होंने 9-9 छक्के लगाए।
इस टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में चौथे स्थान पर भी दो खिलाड़ी रहे जिसमें इशान किशन और तिलक वर्मा शामिल हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने 5-5 मैचों में 6-6 छक्के लगाए जबकि इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर शमर स्प्रिंगर रहे जिनके बल्ले से 5 मैचों में 5 सिक्स निकले। भारत के लिए नितीश कुमार रेड्डी ने 2 मैचों में 4 छक्के लगाए जबकि नमन धीर ने भी 5 मैचों में 4 छक्के लगाए।


