साई भोपाल मे सात राज्यों के खिलाडियों और युवाओं ने एक साथ लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प

0
  • SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने FIT India, HIT India का संदेश देकर युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

भोपाल। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), मध्य क्षेत्रीय केंद्र (CRC), भोपाल ने माय भारत (MY Bharat) के सहयोग से 18 अक्टूबर 2026 को भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM), भोपाल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु सहित सात राज्यों के 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा खेल, फिटनेस और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें स्वस्थ, सक्रिय एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम की शुरुआत विशेष वार्म-अप एवं योग सत्र से हुई, जिसने प्रतिभागियों को शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके पश्चात कार्यक्रम के विशेष अतिथि, पैरालिंपियन एवं एशियाई खेलों के पदक विजेता यश यादव का स्वागत एवं सम्मान SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत द्वारा किया गया।प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने नशामुक्त समाज के निर्माण में खेल और फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल और फिटनेस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अभियान के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।” कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

विशेष थीम आधारित गेम ज़ोन ने खेल, फिटनेस और टीमवर्क का दिया संदेश

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विशेष थीम आधारित गेम ज़ोन रहा, जिसे नशामुक्त जीवनशैली के संदेश को रोचक खेल गतिविधियों के साथ जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। इसमें FIT India Fitness Challenge के अंतर्गत स्किपिंग एवं स्क्वैट्स के साथ बास्केटबॉल, तीरंदाजी, शूट द केन्स, रस्साकशी और बॉल इन द बकेट जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत एवं माय भारत के राज्य निदेशक मंगल जाखड़ ने दो टीमों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता शुरू कराकर गेम ज़ोन की गतिविधियों का शुभारंभ किया। इस गतिविधि ने प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया और टीमवर्क, समन्वय, खेल भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम में SAI CRC भोपाल के सहायक निदेशक रजत शर्मा, नवीन कुमार गोब्बरू, माय भारत के जिला युवा अधिकारी उमंग जैन सहित SAI CRC भोपाल के प्रशिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

FIT India मूवमेंट के अंतर्गत विशेष ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन

स्वस्थ जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों के महत्व को रेखांकित करते हुए श्री गौरव रावत एवं मंगल जाखड़ ने FIT India मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित विशेष ‘संडे ऑन साइकिल’ में युवा प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाई। प्रतिभागियों ने IIFM परिसर में साइकिल चलाकर “FIT India, HIT India” का संदेश दिया और युवाओं को अपनी दिनचर्या में नियमित शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से SAI CRC भोपाल ने खेल, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता के जरिए युवाओं को जागरूक करने तथा स्वस्थ, नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here