नई दिल्ली : भारत की दृष्टिबाधित जूडोका कोकिला ने सोमवार (19 अक्टूबर) को नागोया एशियाई पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला जे-2 वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने सेमीफाइनल में चीन की यी लियू को 1-0 से हराकर अपना पदक पक्का कर लिया। पिछले एशियाई पैरा खेलों में 48 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली कोकिला अब स्वर्ण पदक जीतने से एक कदम दूर हैं।
उनकी इस सफलता से भारत की पदक उम्मीदों को मजबूती मिली है। कोकिला ने चीन की अपनी प्रतिद्वंदी के खिलाफ एक वाजा-अरी (दूसरा उच्चतम तकनीकी स्कोर) और एक युको (प्रभावी तकनीक के लिए स्कोर) दर्ज किया, जबकि चीन की खिलाड़ी केवल एक वाजा-अरी ही हासिल कर पाईं। फाइनल में कोकिला का मुकाबला किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक किजी से होगा।
2024 पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं कोकिला
हरियाणा के जींद जिले के कसुन गांव की रहने वाली कोकिला ने 2024 के पैरालंपिक खेलों में भी भाग लिया था। जे2 श्रेणी उन जूडो खिलाड़ियों के लिए है जिनमें दृष्टिहीनता की अलग-अलग डिग्री होती है। पुरुषों के वर्ग में कपिल परमार जे1 श्रेणी के 70 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे। सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया के जुनैदी से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। जे1 श्रेणी में पूर्ण अंधापन से लेकर न्यूनतम प्रकाश बोध तक की दृष्टिहीनता शामिल है।
एशियाई पैरा खेलों में खुला भारत का पदक खाता
एशियाई पैरा खेलों में भारत की मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, वहीं अवनि लेखारा ने इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। 2024 पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली मोना ने 250.0 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया। उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी अवनि को 0.4 अंकों से पीछे छोड़ दिया।
शीतल देवी ने रचा इतिहास, तीरंदाजी में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने 2026 एशियाई पैरा खेलों में एक शानदार उपलब्धि हासिल की। उन्होंने महिलाओं की कंपाउंड तीरंदाजी में 704 के स्कोर के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और पिछले एशियाई रिकॉर्ड को छह अंकों से पीछे छोड़ दिया।


