साई किशोर ने बरपाया कहर, 10 विकेट झटके; तमिलनाडु ने पारी से दर्ज की शानदार जीत

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे चरण के मुकाबले में तमिलनाडु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को पारी और 66 रन से हरा दिया। तमिलनाडु की इस जीत में कप्तान साई किशोर की बेहतरीन गेंदबाजी, प्रदोष रंजन पॉल के शतक और बाबा इंद्रजीत की अर्धशतकीय पारी का अहम योगदान रहा। मौजूदा सत्र में तमिलनाडु की यह दो मुकाबलों में पहली जीत है। इससे पहले टीम का मुकाबला ड्रॉ रहा था। इस जीत के साथ तमिलनाडु ने 8 अंक हासिल किए और ग्रुप-डी की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

इस मैच में तमिलनाडु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और फिर उत्तराखंड की टीम पहली पारी में 134 रन पर आउट हो गई। इसके बाद तमिलनाडु ने पहली पारी में 313 रन बनाए और इस टीम को 179 रन की लीड मिली। इसके बाद उत्तराखंड की टीम दूसरी पारी में 113 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे हार मिली। ये उत्तराखंड की दूसरे मैच में पहली हार रही और इससे पहले का मैच इस टीम ने ड्रॉ खेला था। उत्तराखंड के अब 3 अंक हैं और अंकतालिका में ये टीम 5वें नंबर पर हैं।

प्रदोष ने ठोका शतक, बाबा इंद्रजीत ने जड़ा अर्धशतक

इस मुकाबले में तमिलनाडु के लिए टीम के शीर्ष क्रम के बैटर प्रदोष रंजन पॉल ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 12 चौकों की मदद से 136 रन बनाए साथ ही 279 गेंदों का सामना किया। प्रदोष के अलावा बाबा इंद्रजीत ने भी 5 चौकों की मदद से 77 रन बनाए तो वहीं एन जगदीशन ने 37 रन की पारी खेली। कप्तान साई किशोर ने 18 गेंदों पर 3 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए पहली पारी में अवनीश सुधा ने 54 रन की पारी खेली जबकि दूसरी पारी में देगा निश्चल ने 25 रन की सबसे बड़ी पारी खेली।

साई किशोर ने लिए मैच में 10 विकेट

तमिलनाडु के कप्तान साई किशोर ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की और पहली पारी में उन्होंने 18 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट लिए तो वहीं गुरजपनीत सिंह ने 14 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं दूसरी पारी में तमिलनाडु की तरफ से फिर से साई किशोर ने 16 ओवर में 34 रन देकर 6 विकेट हासिल किए तो वहीं एस. अजित राम ने 15.4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। साई किशोर ने दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट झटके, लेकिन प्रदोष रंजन पॉल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here