यानसेन की घातक गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया बेहाल, 326 रन से आगे दक्षिण अफ्रीका

0

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की टेस्ट श्रृंखला का दूसरा मुकाबला सेंट जॉर्ज पार्क में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में महज 99 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन ने पहले बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 85 रन बनाए और फिर गेंद से कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 425 रन पर 9 विकेट के नुकसान पर घोषित की थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की कमजोर बल्लेबाजी के चलते दक्षिण अफ्रीका को 326 रन की विशाल बढ़त मिल गई और उसने मेहमान टीम को फॉलोऑन के लिए मजबूर कर दिया।

इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम एक समय 92 रन पर 5 विकेट गंवाते हुए पिछड़ रही थी। फिर कप्तान टेम्बा बावुमा ने पारी को संभाला। यानसेन 85 और साइम हार्मर 82 ने अपने कप्तान का बखूबी साथ निभाया। बावुमा ने 179 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। अब साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने मेजबान टीम को ड्राइविंग सीट पर पहुंचा दिया है।

टेस्ट की पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में मौजूदा टेस्ट विश्व चैंपियन के खिलाफ सिर्फ 42.3 ओवर ही खेल पाई। पूरी कंगारू टीम 99 रन पर ढेर हो गई। यानसेन ने 33 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं कगिसो रबाडा, वियान मुल्डर को 2-2 विकेट मिले। एनिरक नॉर्खिया ने भी एक सफलता अपने नाम की। स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का यह टेस्ट मैच की एक पारी में चौथा सबसे कम स्कोर है।

ऑस्ट्रेलिया ने पहला मुकाबला 214 रन से जीता था और सीरीज में 1-0 से आगे है। अब इस मैच में कंगारू टीम पर हार का भी खतरा मंडराने लगा है। शुरुआती डेढ़ दिन बारिश के कारण खेल नहीं हुआ था। अब चौथे दिन 99 रन पर सिमटने के बाद अभी कम से कम एक पूरा दिन और एक सेशन ऑस्ट्रेलिया को खेलना होगा। साउथ अफ्रीका ने फॉलोऑन भी दे दिया है। अगर ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 326 रन नहीं बना सकी तो पारी से भी हार सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here