नई दिल्ली : न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार (23 अक्टूबर) को इंडिया ए के खिलाफ तीन मल्टी डे मैचों के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया। चार दिवसीय मुकाबलों के लिए कुल 19 खिलाड़ियों को स्क्वाड में जगह दी गई है, जिनमें हेनरी निकोल्स समेत 11 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। निकोल्स के अलावा आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट फिशर, मिच हे, जेडन लेनॉक्स, बेन लिस्टर और टिम रॉबिन्सन जैसे खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
ये सभी खिलाड़ी न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों की मौजूदगी से इंडिया ए के खिलाफ मुकाबलों में न्यूजीलैंड ए की टीम को मजबूती मिलेगी। पहला अनौपचारिक टेस्ट 24 से 27 अक्टूबर तक लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में होगा और तीसरा टेस्ट 7 से 10 नवंबर तक वापस लिंकन में खेला जाएगा।
इंडिया ए टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और ऋषभ पंत को मिली जगह
इंडिया ए टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर जैसे कई ऐसे खिलाड़ी होंगे जिन्हें सीनियर इंटरनेशनल स्तर पर खेलने का अनुभव है। इससे न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को सीनियर टीम की टेस्ट सीरीज से पहले एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा।
दो मुकाबलों में रीस मारियू संभालेंगे कप्तानी की जिम्मेदारी
न्यूजीलैंड ए की कप्तानी पहले दो मैचों में कैंटरबरी के रीस मारियू करेंगे, जबकि तीसरे मैच के लिए कप्तान का फैसला बाद में लिया जाएगा। न्यूजीलैंड के सबसे नए सेंट्रली कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी निक केली तीसरे मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हर मैच के लिए 13 खिलाड़ियों को चुना जाएगा, जबकि बाकी खिलाड़ी अपने घरेलू मैचों में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इंडिया ए के खिलाफ चार दिवसीय मैचों के लिए न्यूजीलैंड ए की टीमें
- पहला मैच: रीस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, मैक्स चू, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनॉक्स, जैरोड मैके, टिम रॉबिन्सन, फ्रेजर शीट
- दूसरा मैच: रीस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनॉक्स, जैरोड मैके, टिम रॉबिन्सन, फ्रेजर शीट
- तीसरा मैच: आदि अशोक, मैट बॉयल, मैक्स चू (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, कर्टिस हीफी, साइमन कीन, निक केली, बेन लिस्टर, रीस मारियू, जैरोड मैके, कैम पॉल, हेनरी निकोल्स, फ्रेजर शीट।


