एशियन पैरा गेम्स: एथलेटिक्स में भारत ने जीते 4 पदक, संदीप को गोल्ड; बैडमिंटन में भी चमका देश

0

नई दिल्ली : एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने शुक्रवार (23 अक्टूबर) को एथलेटिक्स में 4 पदक झटके। इनमें एक स्वर्ण शामिल है, जो संदीप ने पुरुषों के 400 मीटर दौड़ में वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए दिलाया। बैडमिंटन में नवीन शिवकुमार ने दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले नितेश कुमार ने प्रमोद भगत को हराकर स्वर्ण अपने नाम किया था। संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा के फाइनल में 52.28 सेकंड का समय निकालकर विश्व रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन अजय कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। संदीप का रिएक्शन टाइम 0.264 सेकंड था। उन्होंने सऊदी अरब के नूर अलसाना से 0.85 सेकंड पहले रेस पूरी की।

पैरा एशियन गेम्स में अजय कुमार का कमाल, कांस्य पदक पर जमाया कब्जा

नूर अलसाना ने 53.13 सेकंड के समय (जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था) के साथ रजत पदक जीता। अजय कुमार 53.61 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जो एक ‘गेम्स रिकॉर्ड’ है। वह संदीप से 1.33 सेकंड पीछे रहे। संदीप और अलसाना टी44 कैटेगरी, जबकि कुमार टी64 कैटेगरी में हैं। टी44 और टी64 दोनों ही निचले अंगों से जुड़ी कैटेगरी हैं और इनमें अक्सर एक साथ प्रतिस्पर्धाएं होती हैं।

भारत की पदक तालिका में जुड़े दो सिल्वर, निमिषा और प्रमोद ने जीते रजत पदक

इससे पहले भारत की निमिषा चक्कुंगलपरम्बिल और प्रमोद बिजारनिया ने क्रमशः महिलाओं की लॉन्ग जंप (टी47) और पुरुषों की 1500 मीटर (टी46) स्पर्धाओं में रजत पदक जीते। निमिषा ने 5.37 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। श्रीलंका की धनंजना विक्रमासिंघे ने 5.52 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता, जो इन खेलों का रिकॉर्ड’ है और भारतीय एथलीट से 15 सेमी आगे रहीं।

प्रमोद का शानदार प्रदर्शन, रजत पदक पर किया कब्जा

चीन की चेन जिन ने 5.17 मीटर के साथ पोडियम (तीसरे स्थान) पर अपनी जगह बनाई। पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में प्रमोद ने 4:09.65 का समय निकालकर रजत पदक जीता। श्रीलंका के पुवाकपितिकांडे पी. वहुमपुरागे ने 4:03.25 के ‘गेम्स रिकॉर्ड’ समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जो भारतीय एथलीट से 6.40 सेकंड आगे रहे। हालांकि, प्रमोद बाकी प्रतिस्पर्धियों से काफी आगे रहे और पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।

नवीन शिवकुमार का कमाल, गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा

नवीन शिवकुमार ने बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स एसएल4 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। नवीन ने शानदार खेल दिखाते हुए इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 36 मिनट में 21-9, 21-17 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, महिला सिंगल्स एसएच6 फाइनल में भारत की नित्या श्री सुमति सिवन को चीन की ली फेंगमेई के हाथों 12-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here