आयुष म्हात्रे की सर्जरी सफल, क्रिकेट में वापसी में लगेंगे 2-3 महीने; चोट ने बढ़ाई मुश्किलें

0

नई दिल्ली : भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान और मुंबई के उपकप्तान आयुष म्हात्रे को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण करीब 2 से 3 महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट के बाद आयुष म्हात्रे की मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में सर्जरी हुई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्र के हवाले से लिखा, गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 को हुई सर्जरी सफल रही। 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे की हालत में सुधार है। शुक्रवार सुबह से उन्होंने बैसाखी के सहारे धीरे-धीरे चलना भी शुरू कर दिया।

खास बात यह है कि आयुष म्हात्रे अप्रैल में आईपीएल के दौरान बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण भी मैदान से बाहर हो गए थे। आयुष म्हात्रे को 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी सत्र के पहले मैच के पहले दिन रन लेते समय दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-4 का टियर (गंभीर चोट) लगा था। यह आईपीएल के दौरान बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद उनका पहला मैच था। वह 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए चोटिल हो गए थे।

‘‘आयुष म्हात्रे की दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग की सर्जरी गुरुवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुई। यह सर्जरी डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने की।’’ सूत्र ने बताया, ‘‘वह फिलहाल अच्छी तरह उबर रहे हैं और पूरी तरह ठीक होकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने में उन्हें लगभग दो से तीन महीने लगने की उम्मीद है। शुक्रवार सुबह तक आयुष म्हात्रे ने बैसाखी के सहारे धीरे-धीरे चलना भी शुरू कर दिया था।’’

आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के दौरान बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद आयुष म्हात्रे ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 3 महीने बिताए थे। इस दौरान उनका इलाज और पुनर्वास किया गया था। आयुष म्हात्रे की चोट के कारण मुंबई को इस रणजी ट्रॉफी सत्र में लगातार दूसरे मैच में अपनी सलामी जोड़ी में बदलाव करना पड़ा। चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में आयुष म्हात्रे ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत की थी।

हालांकि, भारतीय सलामी बल्लेबाज के राष्ट्रीय टीम की ड्यूटी के लिए रवाना होने के बाद मुंबई को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर खेले गए मैच में नई सलामी जोड़ी उतारनी पड़ी। इस मुकाबले में अंगकृष रघुवंशी और दिव्यांश सक्सेना ने मुंबई के लिए पारी की शुरुआत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here