नई दिल्ली : झारखंड के 21 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन को भारत के घरेलू सर्किट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बाद इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। इंडिया ए को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ 3 मैचों की 4 दिवसीय टेस्ट सीरीज खेलनी है। ये मुकाबले उसी समय होंगे जब भारत की सीनियर टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज खेल रही होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए ये मुकाबले अहम होंगे।
शिखर मोहन को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैचों के दौरे के दूसरे और तीसरे चार-दिवसीय मैच के लिए इंडिया ए टीम में जगह दी गई है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहन ने 12 पारियों में एक दोहरे शतक समेत कुल 613 रन बनाए थे। मौजूदा सीजन की भी शिखर मोहन ने अच्छी शुरुआत की है। उन्होंने दो मैचों में 99.00 के औसत से 297 रन बनाए हैं। इस सीजन में अब तक उनके स्कोर 143 (केरल के खिलाफ), 27 और 127 (महाराष्ट्र के खिलाफ) रहे हैं।
दिलीप ट्रॉफी और ईरानी कप में भी चला शिखर मोहन का बल्ला
रणजी ट्रॉफी के अलावा सितंबर में दिलीप ट्रॉफी के फाइनल में भी शिखर मोहन ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने ईस्ट जोन की ओर से साउथ जोन के खिलाफ दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए। इसके बाद अक्टूबर में ईरानी कप में ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ की तरफ से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने 60 रन बनाए।
इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला चार दिवसीय मुकाबला 24 अक्टूबर से शुरू होगा
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए का पहला चार दिवसीय मैच 24 अक्टूबर को लिंकन (बर्ट सटक्लिफ ओवल) में शुरू होगा। इसके बाद क्राइस्टचर्च और फिर से लिंकन में मैच खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी। न्यूजीलैंड ने भी तीनों मैचों के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इसमें 11 ऐसे खिलाड़ियों को चुना गया है, जो न्यूजीलैंड की टीम के लिए खेल चुके हैं।
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, आर स्मरण, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, बी साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, ऋषभ पंत (फिटनेस के आधार पर), शिखर मोहन (अंतिम दो मैचों के लिए)।


