इंडिया ए की बल्लेबाजी लड़खड़ाई, राहुल-साई डक पर आउट; पडिक्कल-यश ने किया संघर्ष

0

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन शनिवार (24 अक्टूबर) को इंडिया ए की टीम बैकफुट पर नजर आई। भारतीय टीम दूसरे सत्र में महज 39.3 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे प्रमुख बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। ये सभी खिलाड़ी उस भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, जिसे नवंबर के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।

ऐसे में इंडिया ए के बल्लेबाजों का यह प्रदर्शन टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
इंडिया ए की तरफ से केवल देवदत्त पडिक्कल 77 गेंद पर 32 और यश राठौड़ 49 गेंद पर 44 रन ही थोड़ा संघर्ष दिखा पाए। पहले सत्र में 52 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद इंडिया ए की पारी दूसरे सत्र में ऐसी लड़खड़ाई कि लगा 100 रन से पहले ही आउट ह जाएगी, लेकिन यश राठौड़ ने 3 चौके और 3 छक्के लगाकर स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के लिए साइमन कीन ने 5 विकेट झटके।

केएल राहुल का फ्लॉप शो, पहली पारी में नहीं खोल पाए खाता

न्यूजीलैंड ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। केएल राहुल तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। आठ गेंदों का सामना करने के बाद भी राहुल खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल के बीच 30 रनों की साझेदारी हुई। जायसवाल के तौर पर इंडिया ए का दूसरा विकेट गिया। तब स्कोर 14.2 ओवर में 35 रन था।

राहुल के बाद साई सुदर्शन फेल, दोनों बल्लेबाज शून्य पर लौटे

इसके बाद साई सुदर्शन क्रीज पर आए और 13 गेंदों तक संघर्ष करने के बाद बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने भी निराश किया। वह सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इससे इंडिया ए का स्कोर 23.1 ओवर में 52 रन पर 4 विकेट हो गया। लंच तक इंडिया ए का स्कोर 28 ओवर में 4 विकेट पर 55 रन था। देवदत्त पडिक्कल 32 और यश राठौड़ 1 रन बनाकर क्रीज पर थे।

पडिक्कल भी नहीं टिके, लंच के बाद इंडिया ए को बड़ा झटका

लंच के बाद दूसरी ही गेंद पर देवदत्त पडिक्कल पवेलियन लौट गए। उन्होंने 77 गेंद पर 5 चौके की मदद से 32 रन बनाए। इसके बाद 31 वें ओवर की दूसरी गेंद पर वाशिंगटन सुंदर बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। इंडिया ए का स्कोर 30.2 ओवर में 58 रन पर 6 विकेट हो गया। 34वें ओवर की चौथी गेंद पर अंशुल कम्बोज 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आकिब नबी 5 और आकाशदीप बगैर खाता खोले आउट हो गए।

यश राठौड़ और मुकेश चौधरी ने 23 गेंदों में जोड़े 32 रन

इंडिया ए की हालत उस समय और खराब हो गई, जब टीम ने 35.4 ओवर में 81 रन पर 9 विकेट गंवा दिए। इसके बाद यश राठौड़ ने मुकेश चौधरी के साथ 23 गेंदों में 32 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। हालांकि, इस साझेदारी में मुकेश चौधरी का योगदान शून्य रहा। उन्होंने 7 गेंदों का सामना किया, लेकिन खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड ए की ओर से साइमन कीन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि जैक गिब्सन ने 3 विकेट हासिल किए। फ्रेजर शीट और क्रिस्टियन क्लार्क को 1-1 विकेट मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here