सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी में इंदौर की हार्मनी जैन ने जीते दो स्वर्ण

0

भोपाल: राजधानी में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय बालिका तैराकी प्रतियोगिता 2026-27 में मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इंदौर के द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल की हार्मनी जैन ने अंडर-17 आयु वर्ग में दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में देश- विदेश के विभिन्न सीबीएसई स्कूल के 750 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे है। पहले दिन 15 इवेंट के फाइनल हुए

प्रकाश तरण पुष्कर में ओरिएंटल ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित हो रही प्रतियोगिता में पहले दिन मप्र के तैराक पदक जीतने में सफल रहे है। अंडर-17 बालिका वर्ग में इंदौर की हार्मनी ने 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 2 मिनट 36.32 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।इसमें बिलासपुर की शिवांगी ने रजत व कर्नाटक के बेलगाम की निधि कुलकर्णी ने कांस्य पदक जीता। हार्मनी जैन ने दूसरा स्वर्ण पदक 100 मीटर फ्रीस्टाइल में 1 मिनट 1.18 सेकंड के समय के साथ जीता। बेंगलुरू की मिहिका दत्त ने रजत व मस्कट की अविज्ञन ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 आयु वर्ग की 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में इंदौर के दिल्ली पब्लिक स्कूल, निपानिया की सायना पंचोली ने 5 मिनट 6.44 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। इसमें दक्षजा डे उप्रेती (कुवैत) ने स्वर्ण व मीनाक्षी गोपाकुमार मेनन बेंगलुरु ने रजत पदक जीता।इसी वर्ग की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, नॉर्थ कैंप की विहा ठाकुर ने 1 मिनट 15.26 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में अन्य आयु वर्गों की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चार दिवसीय प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, बटरफ्लाई, बैकस्ट्रोक और रिले स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं.

राजधानी के प्रकाश तरण पुष्कर में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. संतोष कटियार व वरिष्ठ प्रशिक्षक आरडी झा मौजूद थे। सीबीएसई ध्वजारोहण समारोह मेंआईआरएस अधिकारी विजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीबीएसई ऑब्ज़र्वर जगदीप सिंह अहलूवालिया, सीबीएसई तकनीकी प्रतिनिधि डॉ. अमित तोमर, ओरिएंटल ग्रुप के चेयरमैन प्रवीण ठकराल, ओरिएंटल यूनिवर्सिटी के कुलपति गौरव ठकराल, ओरिएंटल स्कूल की प्रबंध निदेशक सोनिया ठकराल, प्राचार्य स्वप्ना आफळे, सीएस धाकड़ व वैभव पाठक आयोजन समिति के मनोज कुमार झा, आरके शर्मा तथा आयोजन सचिव बृजभान धाकड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस वर्ष पहली बार भोपाल में तैराकों का भव्य “स्विम पास्ट” कराया गया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रतियोगिता को पारदर्शी एवं सटीक बनाने हेतु सभी स्पर्धाएँ एक्रोबेट स्पोर्ट्स क्लब एवं केएमआर स्पोर्ट्स के सहयोग से आटोमैटिक टाइमिंग सिस्टम के माध्यम से सम्पन्न कराई जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here