IPL 2027 Auction: 16 दिसंबर को आईपीएल नीलामी संभव, 15 नवंबर तक फ्रेंचाइजियों को सौंपनी होगी रिटेंशन लिस्ट

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होने की संभावना है। खास बात यह है कि इसी दिन बेंगलुरु में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला भी खेला जाना है। प्रस्तावित नीलामी खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम समय-सीमा के लगभग एक महीने बाद हो सकती है। हालांकि, नीलामी की तारीख और स्थान को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल ने हाल ही में सभी फ्रेंचाइजी को सूचित किया है कि रिटेंशन की डेडलाइन 15 नवंबर है। इसके कुछ समय बाद नीलामी से ठीक पहले वाले सप्ताह में सभी फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों की एक रजिस्टर्ड सूची भेजी जाएगी। इसमें से वे खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर सकेंगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों के सेट का क्रम भी बताया जाएगा, जिसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।

आईपीएल ट्रेड विंडो खुली, टीमों में खिलाड़ियों की अदला-बदली का दौर शुरू

2026 सीजन खत्म होने के बाद से आईपीएल ट्रेड विंडो में केवल दो ट्रेड हुए हैं। आईपीएल के नियमों के अनुसार ट्रेड विंडो सीजन खत्म होने के एक महीने बाद शुरू होती है। नीलामी की तारीख से एक हफ्ते पहले तक खुली रहती है और फिर अगले सीजन के शुरू होने से एक महीने पहले तक जारी रहती है।

ट्रेड विंडो खुलते ही आईपीएल में हलचल, अब तक दो ट्रेड हुईं

जून में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स (DC) को सौंप दिया और बदले में स्पिनर कुलदीप यादव को अपनी टीम में शामिल किया। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स ने तेज गेंदबाज टी. नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद को दे दिया और इसके बदले अनकैप्ड लेग-स्पिनर जीशान अंसारी को अपनी टीम में लिया।

14 मार्च से 30 मई तक खेला जा सकता है आईपीएल 2027

आईपीएल ने अभी तक 2027 सीजन की तारीखें तय नहीं की हैं, लेकिन 2024 में अगले तीन सीजन की तारीखों की घोषणा करते समय उन्होंने 14 मार्च से 30 मई के बीच का समय तय किया था। हालांकि, इस साल सितंबर में बीसीसीआई की एजीएम के बाद बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिया था कि टूर्नामेंट मार्च के अंत में शुरू हो सकता है।

आईपीएल 2027 से नए मीडिया राइट्स चक्र की शुरुआत

यह आईपीएल के मौजूदा चक्र का आखिरी मिनी-ऑक्शन है। 2028 सीजन से पहले एक मेगा ऑक्शन होना तय है। अगले मेगा ऑक्शन से पहले आईपीएल नए मीडिया राइट्स साइकल की शुरुआत होगी। हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक इसके लिए टेंडर जारी नहीं किया है। साल 2022 में जब आईपीएल के मीडिया राइट्स 48,390.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में बिके, तो यह टूर्नामेंट वैश्विक खेलों की एलीट लीग (ivy league) में शामिल हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here